गोरखपुर में पार्क में खेलने गईं 2 बच्चियों से छेड़छाड़: 63 साल का बुजुर्ग गिरफ्तार, मोबाइल में मिले 8 अश्लील वीडियो

गोरखपुर में नाबालिग बच्चियों के साथ यौन उत्पीड़न का गंभीर मामला सामने आया है। गोरखनाथ थाना क्षेत्र के एक अपार्टमेंट में रहने वाले 63 वर्षीय बुजुर्ग पर 8 और 11 साल की दो सगी बहनों के साथ गलत हरकत करने और दुष्कर्म की कोशिश का आरोप लगा है। बताया जा रहा है कि आरोपी ने दोनों बच्चियों को खेलने के बहाने पार्क में बुलाया था। वहां उनके साथ छेड़छाड़ की। घटना की जानकारी मिलते ही अपार्टमेंट के लोगों ने आरोपी को पकड़ लिया और उसकी पिटाई करने के बाद पुलिस के हवाले कर दिया।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसके मोबाइल फोन की जांच में आठ अश्लील वीडियो भी मिले हैं। पुलिस इन वीडियो की जांच कर रही है। आरोपी की पहचान मेरठ निवासी अशोक कुमार त्यागी (63) के रूप में हुई है। वह अपार्टमेंट में अपने बेटे के साथ रहता था।
खेलने के बहाने बच्चियों को पार्क में बुलाया
सीओ गोरखनाथ रवि कुमार सिंह के मुताबिक, ग्रीन वैली अपार्टमेंट में एक परिवार रहता है। परिवार में 8 और 11 साल की दो बेटियां हैं। इसी अपार्टमेंट में मेरठ का रहने वाला अशोक कुमार त्यागी अपने बेटे के साथ रहता था। उसका बेटा एक फाइनेंस कंपनी में नौकरी करता है।
मंगलवार को उसका बेटा ड्यूटी पर गया हुआ था। इसी दौरान अशोक कुमार ने दोनों बच्चियों को खेलने के बहाने अपने पास बुलाया और अपार्टमेंट के पार्क में ले गया। आरोप है कि वहां उसने दोनों के साथ गलत हरकत की और दुष्कर्म की कोशिश की। बच्चियों ने घर पहुंचकर घटना की जानकारी दी। इसके बाद अपार्टमेंट में रहने वाले लोग इकट्ठा हो गए। उन्होंने आरोपी को पकड़ लिया और उसकी पिटाई करने के बाद पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची उपनिरीक्षक प्रतिभा सिंह की टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
मोबाइल में मिले 8 अश्लील वीडियो
पुलिस के मुताबिक, आरोपी के मोबाइल फोन की जांच के दौरान आठ अश्लील वीडियो मिले हैं। पुलिस इन वीडियो की पड़ताल कर रही है। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि वीडियो किससे संबंधित हैं और उनका इस मामले से कोई संबंध है या नहीं।
पॉक्सो एक्ट में केस दर्ज, पुलिस कर रही जांच
सीओ गोरखनाथ रवि सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस मोबाइल फोन और अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है। मामले में तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।