गोरखपुर में क्षेत्र विवाद पर किन्नरों का हंगामा: नौसड़ चौकी पर किया जमकर प्रदर्शन, मारपीट के आरोप में कार्रवाई की मांग

गीडा क्षेत्र में कामकाज के इलाके को लेकर किन्नरों के दो गुटों के बीच विवाद बढ़ गया। मारपीट का आरोप लगाते हुए एक पक्ष ने बुधवार को करीब 50 किन्नरों के साथ नौसड़ चौकी पहुंचकर हंगामा किया। उन्होंने दूसरे गुट के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। भीड़ जुटने पर पुलिस ने अतिरिक्त फोर्स बुला ली। अधिकारियों ने तहरीर के आधार पर कार्रवाई का भरोसा दिया, जिसके बाद मामला शांत हुआ।
नैना किन्नर ने बुधवार को पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उनकी शिष्य कंचन, वर्षा, करीना और हर्षिता रोज की तरह अपने क्षेत्र में गई थीं। आरोप है कि इसी दौरान दूसरे गुट के सैकड़ों किन्नर वहां जुट गए। उन्होंने गाली-गलौज करते हुए उनकी शिष्याओं के साथ लाठी-डंडों से मारपीट की। साथ ही धमकी दी कि वे दोबारा उस इलाके में दिखाई न दें।
पुराने बंटवारे के आधार पर काम करने का दावा
नैना किन्नर का कहना है कि बुजुर्ग किन्नरों ने पहले ही अलग-अलग क्षेत्रों का बंटवारा कर दिया था। इसी व्यवस्था के तहत लंबे समय से कामकाज चल रहा था। आरोप है कि अब दूसरा गुट उनके निर्धारित क्षेत्र पर कब्जा करने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने पुलिस से मामले की जांच कर आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।

