गोरखपुर में सीएम के निर्देश पर एक्शन में प्रशासन: विसर्जन मार्ग पर उतरे अधिकारी, बक्शीपुर से महेवा तक पैदल किया निरीक्षण

गोरखपुर|

शहर में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन जुलूस को सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने बक्शीपुर से हर्बर्ट बांध होते हुए महेवा तक पैदल निरीक्षण किया। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था, सड़क निर्माण, बिजली के तारों और रास्ते में पड़े मलबे की स्थिति देखी गई। निरीक्षण में डीआईजी एस. चनप्पा, डीएम दीपक मीणा और एसएसपी डॉ. कौस्तुभ समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने संबंधित विभागों और जिम्मेदार लोगों को जरूरी व्यवस्थाएं समय से दुरुस्त करने के निर्देश दिए।

शहर की अधिकांश दुर्गा प्रतिमाएं रेती, घंटाघर, बसंतपुर और हर्बर्ट बांध होते हुए राप्ती नदी के किनारे बनाए गए कृत्रिम तालाबों तक विसर्जन के लिए पहुंचाई जाती हैं। इस मार्ग का बड़ा हिस्सा विरासत गलियारे में आता है। इसके निर्माण के बाद सड़क पहले की तुलना में चौड़ी हुई है। अधिकारियों ने निर्देश दिया कि रास्ते में बिजली के तार कहीं भी नीचे लटकते नहीं मिलने चाहिए। निर्माण कार्य जल्द पूरा करने और सड़क पर पड़ा मलबा हटाने को भी कहा गया। दुकानदारों को विसर्जन जुलूस की तारीख के आसपास निर्माण कार्य रोकने के निर्देश दिए गए, जिससे श्रद्धालुओं और जुलूस को किसी तरह की परेशानी न हो।

सड़क पर प्रतिमा स्थापित करने पर रोक

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मार्ग के आसपास बन रहे दुर्गा पूजा पंडालों और प्रतिमा स्थापना स्थलों का भी जायजा लिया। पूजा समितियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि सड़क पर प्रतिमाएं स्थापित न की जाएं। पंडालों के आसपास जमा मलबा हटाकर रास्ता साफ रखने को भी कहा गया। प्रशासन का जोर इस बात पर है कि जुलूस के दौरान आवागमन बाधित न हो और सुरक्षा व्यवस्था में कोई कमी न रहे।

कानून-व्यवस्था बनाए रखने के दिए निर्देश

हर्बर्ट बांध से विसर्जन स्थल की ओर जाने वाले रास्ते पर लगी बैरिकेडिंग हटाने के विकल्प पर भी विचार किया जा रहा है। यदि बैरिकेडिंग नहीं हटाई गई तो कुछ प्रतिमाओं को ट्रांसपोर्टनगर चौराहे से घुमाकर ले जाना पड़ सकता है, जिससे जाम की स्थिति बन सकती है। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से व्यवस्था दुरुस्त करने और पर्व के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए।

सीएम ने दिए थे सतर्कता बढ़ाने के निर्देश

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दो दिवसीय दौरे पर गोरखपुर आए हैं। अधिकारियों के साथ बैठक में उन्होंने दुर्गा पूजा और दशहरा के दौरान विशेष सतर्कता बरतने, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने और विसर्जन मार्ग की व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए थे। साथ ही सड़क पर दुर्गा प्रतिमाएं स्थापित नहीं होने देने को कहा था। इसके बाद अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया। प्रशासन ने पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने की प्रतिबद्धता जताई है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।

फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।