गोरखपुर में ‘अर्नब’ को लेकर नगर निगम मुस्तैद: 24 घंटे सक्रिय रहने के दिए निर्देश, जलभराव से निपटने के लिए क्विक रिस्पॉन्स टीम को किया अलर्ट

मौसम विभाग द्वारा संभावित चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ को लेकर गोरखपुर सहित आसपास के इलाकों में रेड अलर्ट जारी किया गया है। इस भारी संकट को देखते हुए गोरखपुर नगर निगम प्रशासन पूरी तरह से मुस्तैद हो गया है। नगर आयुक्त ने आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए अगले दो दिनों तक नगर निगम के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों की छुट्टियां तत्काल प्रभाव से रद्द कर दी हैं।
नगर निगम के सभी विभागों को अगले 48 घंटों के लिए 24 घंटे सक्रिय रहने के निर्देश दिए गए हैं। शहर में भारी बारिश के कारण संभावित जलभराव की स्थिति से निपटने के लिए क्विक रिस्पॉन्स टीम को अलर्ट कर दिया गया है। इसके साथ ही सभी प्रमुख जलभराव वाले स्थलों पर विशेष निगरानी रखने और पंप, संपवेल व जनरेटरों को पूरी तरह तैयार रखने के आदेश दिए गए हैं।
24 घंटे फोन ऑन रखने के सख्त निर्देश
सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को 24 घंटे मोबाइल फोन चालू रखने का सख्त निर्देश दिया गया है ताकि किसी भी आपातकालीन स्थिति में तुरंत संपर्क किया जा सके। तेज हवाओं के कारण पेड़ों के गिरने की आशंका को देखते हुए उद्यान विभाग को भी राहत और बचाव कार्य के लिए रात-दिन तैयार रहने को कहा गया है। नगर आयुक्त ने चेतावनी दी है कि इस आपदा प्रबंधन कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि कहीं भी काम में ढिलाई मिलती है, तो संबंधित अवर अभियंता (JE) और सहायक अभियंता (AE) की सीधी जवाबदेही तय कर उन पर कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने आम जनता से भी अपील की है कि वे मौसम खराब होने पर सुरक्षित स्थानों पर रहें और आपात स्थिति में नगर निगम के कंट्रोल रूम से संपर्क करें।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।

