गोरखपुर में निकाह के बीच पहुंची पहली पत्नी: शौहर का कॉलर पकड़कर घसीटा, दूसरी पत्नी को जबड़ा तोड़ने की दी धमकी

गोरखपुर|
शौहर का कॉलर पकड़कर घसीटा, दूसरी पत्नी को जबड़ा तोड़ने की दी धमकी

रसूलपुर इलाके के एक मैरिज हॉल में निकाह की रस्मों के बीच उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब मुंबई से आई एक महिला ने दूल्हे के परिवार पर अपना अधिकार जताते हुए विरोध शुरू कर दिया। महिला ने युवती के भाई फिरोज को अपना पति बताते हुए आरोप लगाया कि तलाक हुए बिना उसने दूसरी शादी कर ली है। पति की कॉलर पकड़कर महिला उसे घसीटते हुए बाहर तक ले गई। बीच-बचाव करने पहुंची दूसरी पत्नी को भी उसने जबड़ा तोड़ने की धमकी दी। हंगामे के कारण शादी समारोह में भगदड़ मच गई। सूचना पर डायल 112 और गोरखनाथ थाने की पुलिस पहुंची। पुलिस दोनों को थाने ले गई। इसके बाद निकाह की रस्म पूरी हो सकी।

जानकारी के मुताबिक, गोरखनाथ क्षेत्र के रसूलपुर स्थित मैरिज हॉल में शादी का कार्यक्रम चल रहा था। रात करीब 10 बजे जाहिदा खातुन बुर्का पहनकर कुछ लोगों के साथ वहां पहुंची। उसने समारोह में मौजूद लोगों के सामने दावा किया कि जिस युवती का निकाह हो रहा है, वह उसके पति फिरोज की बहन है। जाहिदा के मुताबिक, उसकी शादी फिरोज से करीब दस साल पहले हुई थी। पिछले पांच साल से दोनों के बीच तलाक का मामला न्यायालय में लंबित है। इसके बावजूद फिरोज ने करीब दो साल पहले दूसरी युवती से शादी कर ली। महिला का कहना था कि दूसरी शादी से उसके पति के दो बच्चे भी हैं।

वीडियो वायरल होने के बाद घटना चर्चा में

जाहिदा ने फिरोज की कॉलर पकड़ ली और उसे अपना पति बताते हुए विरोध जताया। इस दौरान फिरोज की दूसरी पत्नी ने उसे छुड़ाने की कोशिश की तो महिला ने धमकी देते हुए कहा कि वह उसका जबड़ा तोड़ देगी। महिला लगातार कहती रही कि अभी उसका तलाक नहीं हुआ है और फिरोज उसके बच्चों का पिता है। वहां मौजूद लोगों ने दोनों पक्षों को शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन महिला नहीं मानी। इसके बाद उसने डायल 112 पर फोन कर पुलिस बुला ली। गोरखनाथ थाने की पुलिस दोनों को अपने साथ ले गई और समझाने के बाद घर भेज दिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाकर भेजा

गोरखनाथ थाना प्रभारी विजय प्रताप सिंह ने बताया कि महिला ने पति पर दूसरी शादी करने के आरोप में मुंबई में केस दर्ज कराया है। इस मामले की सुनवाई न्यायालय में चल रही है। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाकर घर भेज दिया।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।

फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।