गोरखपुर जिला अस्पताल में बदहाली: घंटों इंतजार के बाद भी नहीं मिली व्हीलचेयर, तीमारदार ने मरीज को पीठ पर लादा

गोरखपुर|

जिला अस्पताल में इलाज के लिए पहुंचे मरीज और तीमारदार को अव्यवस्था का सामना करना पड़ा। आर्थो ओपीडी में इलाज के लिए आए ऐसे मरीज को, जो चलने की स्थिति में नहीं था, व्हीलचेयर उपलब्ध नहीं हो सकी। डॉक्टर को दिखाने के बाद तीमारदार ने काफी देर तक व्हीलचेयर का इंतजार किया। लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद सुविधा नहीं मिली। आखिरकार उसे मरीज को अपनी पीठ पर लादकर ओपीडी के बाहर ले जाना पड़ा।

मरीज को पीठ पर लादकर ले जाते तीमारदार का वीडियो अस्पताल परिसर में मौजूद किसी व्यक्ति ने रिकॉर्ड कर लिया। इसके बाद वीडियो सोशल मीडिया पर साझा कर दिया गया। घटना सामने आने के बाद जिला अस्पताल की व्यवस्थाओं और मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं को लेकर सवाल उठने लगे हैं। खासतौर पर गंभीर या चलने में असमर्थ मरीजों के लिए व्हीलचेयर जैसी बुनियादी सुविधा उपलब्ध न होने को लेकर अस्पताल प्रशासन पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

डिप्टी सीएम ने पिछले महीने किया था अस्पताल का निरीक्षण

जिला अस्पताल में यह मामला ऐसे समय सामने आया है, जब पिछले महीने यूपी के डिप्टी सीएम और स्वास्थ्य मंत्री बृजेश पाठक ने अस्पताल का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया था। उन्होंने निरीक्षण के दौरान अस्पताल की कमियों को दूर करने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए थे। इसके अलावा करीब 15 दिन पहले डीएम भी अस्पताल का निरीक्षण करने पहुंचे थे। उन्होंने सुरक्षा समेत अन्य व्यवस्थाओं को बेहतर करने पर जोर दिया था। साथ ही अस्पताल के भीतर जरूरी सुविधाओं और संसाधनों को पूरा करने के लिए अधिकारियों से जरूरतों की सूची मांगी थी।

अस्पताल अधिकारियों का नहीं मिला पक्ष

इस संबंध में अस्पताल के सीएमएस और जिम्मेदार अधिकारियों से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनकी ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिल सकी। इसके चलते मामले में अस्पताल प्रशासन का आधिकारिक पक्ष सामने नहीं आ पाया है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।