गोरखपुर में दुर्गा पंडाल से दान पेटी उड़ा ले गया चोर: आसपास के CCTV फुटेज से हुआ खुलासा, पुलिस ने किया गिरफ्तार
शहर में आस्था के पावन पर्व के बीच चोरी की एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है। शाहपुर थाना के मोहनलालपुर के एक दुर्गा पूजा पंडाल से एक शातिर चोर माता की दान पेटी लेकर फरार हो गया। हालांकि, चोर की यह चालाकी ज्यादा देर नहीं चल सकी और समिति के सदस्यों की मुस्तैदी व पुलिस की तत्परता से आरोपी को डोमिंगढ़ रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया गया है।
रिपोर्ट के मुताबिक,दुर्गा पूजा समिति के सभी सदस्य पंडाल में ही सो रहे थे। इसी का फायदा उठाकर एक युवक चुपके से पंडाल के भीतर दाखिल हुआ और माता की प्रतिमा के पास रखी भारी-भरकम दान पेटी उठाकर फरार हो गया। सुबह जब समिति के सदस्यों की आंख खुली, तो दान पेटी को अपनी जगह से गायब देख उनके होश उड़ गए। उन्होंने तुरंत आसपास के इलाकों में खोजबीन शुरू की, लेकिन पेटी का कहीं कोई सुराग नहीं मिला।
पकड़े जाने के डर से खराब किया CCTV
जब चोरी का पता लगाने के लिए समिति के सदस्यों ने पंडाल में लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले, तो पता चला कि शातिर चोर ने पहचान छुपाने के लिए पंडाल के कैमरे को खराब कर दिया था, जिससे वहां की कोई फुटेज नहीं मिल सकी। इसके बाद समिति ने सूझबूझ दिखाई और पंडाल के आसपास और रास्तों पर लगे दूसरे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला। आसपास के कैमरों की फुटेज में एक संदिग्ध युवक दान पेटी ले जाते हुए साफ दिखाई दे गया, जिसकी पहचान इलाके के ही शुभम मझवार के रूप में हुई।
रेलवे स्टेशन से दबोचा गया आरोपी
चोर की पहचान होते ही पूजा समिति के सदस्य उसकी तलाश में जुट गए। आखिरकार, आरोपी शुभम को डोमिंगढ़ रेलवे स्टेशन से पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसने पंडाल से दान पेटी चोरी करने की बात कबूल कर ली है। समिति के सदस्यों के अनुसार, दान पेटी में श्रद्धालुओं द्वारा चढ़ाया गया करीब 7,000 से 10,000 रुपये का चढ़ावा था। हालांकि, पुलिस द्वारा पकड़े गए आरोपी के पास से फिलहाल केवल 1,750 रुपये ही बरामद हो सके हैं। बाकी की रकम और दान पेटी को लेकर पुलिस आगे की जांच कर रही है।
चोर को जेल भेजने की तैयारी में पुलिस
चोर को पकड़ने के बाद समिति ने उसे शाहपुर थाना पुलिस के हवाले कर दिया और मामले की लिखित तहरीर दी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और कानूनी कार्रवाई करते हुए उसे जेल भेजने की तैयारी में जुटी है।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।

