गोरखपुर में नाली निर्माण के निरीक्षण पर विवाद: सभासद को धमकी देने के आरोप में दो पर केस, जमीन के स्वामित्व को लेकर बढ़ा विवाद

पीपीगंज नगर पंचायत क्षेत्र में नाली निर्माण का निरीक्षण करने पहुंचे वार्ड सभासद के साथ कथित बदसलूकी और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। घटना बरईपुर गांव की है। वार्ड 13 श्याम नगर के सभासद प्रेम चौहान नगर पंचायत अध्यक्ष लक्ष्मण विश्वकर्मा के साथ निर्माण कार्य देखने पहुंचे थे। आरोप है कि इसी दौरान गांव के दुर्गेश और दिवाकर ने उनके साथ गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। सभासद की शिकायत पर पुलिस ने घटना के चार दिन बाद दोनों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
सभासद प्रेम चौहान के मुताबिक, बरईपुर में नाली निर्माण का काम चल रहा है। जिस जमीन पर निर्माण कराया जा रहा है, वह राजस्व अभिलेखों में खलिहान के रूप में दर्ज है। वहीं, दुर्गेश और दिवाकर जमीन पर अपना मालिकाना हक जताते हुए निर्माण रुकवाना चाहते थे। इसी मुद्दे पर विवाद बढ़ा और आरोपियों ने कथित तौर पर उनके साथ अभद्रता की।
पुलिस ने दर्ज किया केस
मामले में पीपीगंज पुलिस ने बरईपुर निवासी दुर्गेश और दिवाकर के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दूसरी ओर, आरोपियों का कहना है कि जमीन उनकी है और उन पर गलत आरोप लगाकर उत्पीड़न किया जा रहा है। पुलिस दोनों पक्षों से जुड़े तथ्यों की पड़ताल कर रही है।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।

