गोरखपुर एम्स में बढ़ेंगी सुपर स्पेशियलिटी सेवाएं: केंद्र सरकार ने दी मंजूरी, गंभीर मरीजों को मिलेगी राहत

एम्स में इलाज कराने वाले गंभीर मरीजों के लिए राहत भरी खबर है। गोरखपुर एम्स में सुपर स्पेशियलिटी की सुविधाएं बढ़ेंगी। इसके लिए केंद्र सरकार ने मंजूरी दे दी है। यह सुविधा शुरू होने से पूर्वांचल के मरीजों को काफी राहत मिलेगी। गोरखपुर सांसद रवि किशन ने संसद में नियम 377 के तहत एम्स गोरखपुर में सुपर स्पेशियलिटी सेवाओं को मजबूत करने का मुद्दा उठाया था। जिस पर केंद्रीय स्वास्थ्य राज्य मंत्री प्रतापराव जाधव ने पत्र भेजकर जवाब दिया है।
केंद्र सरकार द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, एम्स गोरखपुर में कार्डियोलॉजी, मेडिकल गैस्ट्रोएंटरोलॉजी, न्यूरोलॉजी, न्यूरोसर्जरी और यूरोलॉजी जैसी सुपर स्पेशियलिटी सेवाएं संचालित हो रही हैं। इसके अलावा कार्डियोथोरेसिक एवं वैस्कुलर सर्जरी (CTVS), नेफ्रोलॉजी, मेडिकल ऑन्कोलॉजी और सर्जिकल ऑन्कोलॉजी जैसी अन्य सुपर स्पेशियलिटी सेवाओं के विस्तार के लिए प्रयास तेज कर दिए गए हैं।
फैकल्टी भर्ती भी जारी
केंद्र ने बताया कि गोरखपुर एम्स में स्वीकृत सुपर स्पेशियलिटी फैकल्टी के रिक्त पदों को भरने के लिए लगातार विज्ञापन निकाले जा रहे हैं और योग्य डॉक्टरों की भर्ती प्रक्रिया जारी है।
रवि किशन की इस पहल से आने वाले समय में पूर्वांचल समेत बिहार-नेपाल सीमा तक के मरीजों को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है।
दूर-दराज से इलाज के लिए पहुंचते हैं लोग
गोरखपुर एम्स में इलाज के लिए दूर-दराज से मरीज आते हैं। एम्स में गोरखपुर मंडल के साथ ही बिहार के लोग भी इलाज के लिए पहुंचते हैं। सुपर स्पेशिलिटी सुविधाएं बढ़ने से मरीजों को काफी राहत मिलेगी। गंभीर मरीजों को इलाज के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।

