गोरखपुर में मैट्रिमोनियल साइट पर फर्जी शिक्षक बनकर की शादी: दूसरे पुरुषों से संबंध बनाने का दबाव, निजी वीडियो वायरल करने की दी धमकी

शहर की एक महिला ने राजस्थान निवासी अपने पति और ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला का कहना है कि पति ने मैट्रिमोनियल साइट पर खुद को सरकारी शिक्षक बताकर उससे शादी की थी। बाद में उस पर दूसरे पुरुषों से संबंध बनाने का दबाव बनाया गया। विरोध करने पर मारपीट की गई और सुहागरात के फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी दी गई। कोतवाली पुलिस ने पति, सास और जेठ के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली क्षेत्र की 33 वर्षीय महिला के मुताबिक, उसकी शादी तीन जुलाई 2022 को राजस्थान के अलवर जिले के किशनगढ़ खैरथल क्षेत्र के मछरोली निवासी राजू शर्मा उर्फ राजीव से हुई थी। आरोप है कि राजीव ने मैट्रिमोनियल साइट पर सरकारी शिक्षक होने की गलत जानकारी देकर शादी की। अगले दिन महिला विदा होकर ससुराल पहुंची तो उसे पति की नौकरी की वास्तविक स्थिति का पता चला। महिला का आरोप है कि इसके बाद पति राजू शर्मा, सास तारा देवी और जेठ निहाल शर्मा दहेज के लिए ताने देने लगे।
पैसों के लिए गलत काम का बनाया दबाव
महिला के अनुसार, पति उस पर दूसरे पुरुषों से संबंध बनाकर पैसे जुटाने का दबाव डालता था। इनकार करने पर मारपीट करता था। उसने जेठ पर अश्लील टिप्पणियां करने और आपत्तिजनक हरकतों का भी आरोप लगाया है। पीड़िता का कहना है कि पति शराब और नशीले पदार्थों का सेवन कर जबरन अप्राकृतिक संबंध बनाता था और जान से मारने की धमकी देता था। राजस्थान में शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं होने पर वह 18 अगस्त 2023 को पिता की मदद से गोरखपुर लौट आई।
नौकरी छुड़वाने के लिए नोटिस भेजने की दी धमकी
पीड़िता का आरोप है कि पति और जेठ बाद में भी गोरखपुर आकर उसे परेशान करते रहे। नौकरी छुड़वाने के लिए नोटिस भेजने की धमकी भी दी गई। 14 सितंबर 2026 को आरोपी उसके घर पहुंचे और मारपीट की। पुलिस पति को अपने साथ ले गई। आरोप है कि 22 सितंबर को पति ने इंस्टाग्राम से उसके परिवार की फोटो-वीडियो वायरल कर दीं। इसके बाद सुहागरात के निजी वीडियो सार्वजनिक करने की धमकी दी गई। कोतवाली थाना प्रभारी पंकज कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर जांच उपनिरीक्षक हर्ष कुमार शुक्ला को सौंपी गई है। साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।

