गोरखपुर का प्रशासनिक ढांचा चर्चा में: विकास की कमान चार IAS दोस्तों के हाथ में, एक ही बैच के हैं चारों अफसर

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गृह जनपद गोरखपुर में इन दिनों प्रशासनिक गलियारों में एक दिलचस्प चर्चा जोरों पर है। जिले में तैनात चार आईएएस अधिकारी 2020 बैच के हैं। और आपस में अच्छे दोस्त भी बताए जाते हैं। सबसे खास बात यह है कि शहर और जिले के विकास से जुड़ी सबसे महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां इन्हीं चार अधिकारियों के पास हैं। लोगों के बीच अब यह सवाल उठ रहा है कि क्या यह महज एक संयोग है। या फिर विकास कार्यों में बेहतर तालमेल और तेजी लाने के लिए सोची समझी प्रशासनिक रणनीति अपनाई गई है।
किसके पास कौन सी जिम्मेदारी
अभिनव गोपाल, उपाध्यक्ष, गोरखपुर विकास प्राधिकरण (GDA): इनके जिम्मे शहर का सुनियोजित विस्तार है। आवासीय और व्यावसायिक योजनाएं, जमीन के इस्तेमाल का नियमन और शहरी ढांचे का विकास इन्हीं के क्षेत्र में आता है।
अजय जैन, नगर आयुक्त, नगर निगम: शहरवासियों को मिलने वाली रोजमर्रा की सुविधाएं इनकी प्राथमिकता हैं। सफाई, कूड़ा निस्तारण, पेयजल, सड़क, नाली, लाइट और जलभराव से निपटना नगर निगम के मुख्य काम हैं।
विशाल कुमार, सीईओ, गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण (GIDA): औद्योगिक इलाकों को विकसित करना इन्हीं का काम है। साथ ही निवेशकों को आकर्षित करना और रोजगार के नए अवसर तैयार करना इनकी भूमिका का केंद्र है।
अभिषेक कुमार, मुख्य विकास अधिकारी (CDO), गोरखपुर: 13 नवंबर 2026 को इनकी नियुक्ति हुई है। इससे पहले वह प्रदेश सरकार के सूचना प्रौद्योगिकी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग में विशेष सचिव थे। अब ग्रामीण विकास, सरकारी योजनाओं को जमीन पर उतारना और विभागों के बीच तालमेल बनाना इनकी जिम्मेदारी होगी।
क्यों जरूरी है चारों के बीच तालमेल
ये चारों पद अलग अलग हैं। लेकिन गोरखपुर के समग्र विकास के लिए इनका आपस में जुड़ना तय है। GDA और नगर निगम के बीच तालमेल जरूरी है। क्योंकि नई कॉलोनियां बसने पर सड़क, पानी, सीवर और सफाई की मांग तुरंत बढ़ जाती है। दोनों संस्थानों के बीच समन्वय से काम तेज होगा। GIDA और प्रशासन के बीच भी तालमेल जरूरी है। क्योंकि उद्योग तभी लगेंगे जब जमीन, बिजली, पानी और सड़क जैसी सुविधाएं समय पर मिलेंगी। इसके लिए जिला प्रशासन का सहयोग जरूरी है। CDO की भूमिका भी विकास के लिए जरूरी है। क्योंकि गांवों में चल रही योजनाओं का असर शहरों की अर्थव्यवस्था और रोजगार पर भी पड़ता है। जानकारों का मानना है कि अगर ये चारों अधिकारी आपसी समझ से काम करेंगे तो गोरखपुर में चल रही परियोजनाओं को नई रफ्तार मिल सकती है। और आम लोगों को इसका सीधा फायदा होगा।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।