गोरखपुर में अवैध संबंध के शक में पत्नी पर हंसिया से हमला: सिर और गर्दन पर आई गंभीर चोटें, हिरासत में आरोपी पति
गीडा थाना क्षेत्र के हरैया गांव में रविवार शाम घरेलू विवाद के दौरान पति ने पत्नी पर हंसिया से हमला कर दिया। हमले में 42 वर्षीय साफिया गंभीर रूप से घायल हो गईं। आरोप है कि पति जलालुद्दीन उर्फ पंगूल को पत्नी के किसी अन्य व्यक्ति से अवैध संबंध होने का शक था। इसी बात को लेकर रविवार शाम करीब पांच बजे दोनों के बीच कहासुनी हुई। विवाद बढ़ने पर पति ने हंसिया से साफिया के सिर और गर्दन पर वार कर दिया। उनकी चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
घटना की जानकारी मिलते ही गीडा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। खून से लथपथ साफिया को तत्काल एंबुलेंस की मदद से बीआरडी मेडिकल कॉलेज, गोरखपुर भेजा गया। वहां डॉक्टरों की टीम उनका उपचार कर रही है। महिला की हालत गंभीर बनी हुई है। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल रहा। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल कार्रवाई शुरू की।
आरोपी से पूछताछ कर रही पुलिस
पुलिस की दूसरी टीम ने गांव में घेराबंदी कर 45 वर्षीय आरोपी जलालुद्दीन उर्फ पंगूल को हिरासत में ले लिया। सीओ गीडा आभा सिंह ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है। शुरुआती जानकारी में घटना के पीछे घरेलू कलह की बात सामने आई है। मामले में हत्या के प्रयास समेत अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।

