गोरखपुर में करवाचौथ पर लगी महिला की नाक पर गोली: छत पर कर रही थी पूजा, पति ने दर्ज कराया मुकदमा

रामगढ़ताल थाना क्षेत्र के गोपालपुर मोहल्ले में करवाचौथ की रात छत पर पूजा कर रही 45 वर्षीय विजया चौहान की नाक के पास गोली लग गई। वह घर की तीसरी मंजिल पर परिवार की महिलाओं और किराएदारों के साथ करवाचौथ की कथा सुन रही थीं। तभी अचानक पूरब दिशा से आई गोली उनकी नाक के पास छूते हुए निकल गई, जिससे वह लहूलुहान होकर गिर पड़ी।
मौके पर चीख-पुकार मच गई। आनन-फानन में उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने छुट्टी दे दी। अब वह खतरे से बाहर हैं। विजया के पति भी घटना के समय घर के अन्य सदस्यों के साथ मौजूद थे।
जांच में जुटी पुलिस
परिवारीजनों ने घायल महिला को अस्पताल पहुंचाने के लिए डायल 112 पर फोन किया, लेकिन संपर्क नहीं हो सका। इसके करीब आधे घंटे बाद उन्हें लेकर रामगढ़ताल थाने पहुंचे। वहां से महिला सिपाही उन्हें जिला अस्पताल ले गई। परिवार के लोगों ने घटना के बाद छत पर मिली एक गोली पुलिस को सौंपी है। पति के तहरीर के आधार पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस गोली चलने की दिशा और घटना के कारणों की जांच कर रही है। एसपी सिटी निमिष पाटील ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी में एयरगन से गोली लगने की बात सामने आई है। मुकदमा दर्ज करने के निर्देश दिए गए हैं। आरोपित की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।

