गोरखपुर में नो पार्किंग जोन से उठाई गई गाड़िया: वापस लेने पहुंचे दबंगों ने चार्ज देने से किया मना, कहा- दोबारा उठवाओगे तो दौड़ाकर मारूंगा
शहर में नो पार्किंग जोन से उठाई गई गाड़ियों के टोइंग चार्ज को लेकर एक बड़ा विवाद सामने आया है। गोलघर इलाके में नो पार्किंग जोन से उठाई गई गाड़ियों को वापस लेने पहुंचे कुछ दबंगों ने न सिर्फ जुर्माना देने से इनकार कर दिया, बल्कि पार्किंग कर्मियों को जान से मारने की धमकी भी दे डाली। आरोपियों ने कर्मियों को धमकाते हुए कहा, "अगर दोबारा गाड़ी उठवाओगे तो दौड़ाकर मारूंगा।" इस मामले में पुलिस ने शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के मुताबिक, गोरखपुर के सबसे व्यस्त व्यावसायिक क्षेत्र गोलघर से यातायात को सुचारू रखने के लिए क्रेन द्वारा एक बाइक और स्कूटी को नो पार्किंग जोन से उठाया गया था। इन दोनों वाहनों को गोलघर स्थित मल्टीलेवल पार्किंग परिसर में लाकर खड़ा किया गया था। कुछ समय बाद वाहनों के मालिक और उनके साथ आए कुछ युवक पार्किंग परिसर पहुंचे। नियमों के मुताबिक जब पार्किंग कर्मियों ने उनसे टोइंग चार्ज जमा करने को कहा, तो वे भड़क गए। आरोपियों ने बिना कोई शुल्क चुकाए जबरन अपनी गाड़ियां वहां से ले जाने का प्रयास किया।
गाड़ियों को जबरन लेकर गये दबंग
जब मल्टीलेवल पार्किंग के कर्मचारियों ने आरोपियों को बिना सरकारी शुल्क दिए गाड़ियां ले जाने से रोका, तो आरोपी मारपीट और गाली-गलौज पर उतारू हो गए। उन्होंने कर्मचारियों के साथ अभद्रता की और खुलेआम धमकी दी कि यदि आगे से उनकी गाड़ियां उठाई गईं, तो वे उन्हें बीच सड़क पर दौड़ा-दौड़ाकर मारेंगे। इस हंगामे के बाद आरोपी बिना जुर्माना दिए अपनी गाड़ियां लेकर जबरन फरार हो गए।
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर FIR दर्ज
घटना के बाद मल्टीलेवल पार्किंग का संचालन करने वाली फर्म के संचालक ने तत्काल स्थानीय पुलिस से संपर्क किया। उन्होंने पुलिस को पूरी घटना की जानकारी देते हुए परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज और आरोपियों की तस्वीरें सौंपी हैं। कैंट थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और गाड़ियों के नंबरों के जरिए आरोपियों की पहचान करने में जुटी है और अधिकारियों का कहना है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।










