गोरखपुर में खेत जोतने को लेकर विवाद: चचेरे भाई ने गोली मारकर युवक की हत्या की, आरोपी फरार

हरपुर बुदहट थाना क्षेत्र के करनपुरा गांव में गुरुवार सुबह खेत जोतने को लेकर हुए विवाद में चचेरे भाई ने गोली मारकर एक युवक की हत्या कर दी। पेट में गोली लगने के बाद युवक जान बचाने के लिए भागा लेकिन गांव की पुलिया के पास उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया है, पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
हरपुर बुदहट थाना क्षेत्र के करनपुरा गांव में जमीन विवाद में गुरुवार सुबह करीब 11:30 बजे एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान शिवम पांडेय (26) के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, मेथौली निवासी सुदामा पांडेय उर्फ गामा का करनपुरा में नेवासा है, जबकि उनके भाई करनपुरा में रहकर खेती करते हैं। जमीन को लेकर दोनों पक्षों में लंबे समय से विवाद चल रहा था। गुरुवार सुबह शिवम अपने खेत की जुताई कराने पहुंचा था। इसी दौरान उसके चचेरे भाई राधेश्याम पांडेय उर्फ रधई ने खेत जोतने से मना कर दिया। इस पर दोनों में कहासुनी हुई और ट्रैक्टर वहां से चला गया।

गोली लगने के बाद भी जान बचाने के लिए भाग
आरोप है कि ट्रैक्टर के जाने के बाद रधई के एक अन्य भाई ने मौके पर पहुंचकर शिवम को गोली मारने की ललकारा। इसके बाद रधई ने शिवम पर गोली चला दी, जो उसके पेट में लगी। गंभीर रूप से घायल शिवम जान बचाने के लिए भागा, लेकिन गांव की पुलिया के पास पहुंचते ही गिर पड़ा और उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर हरपुर बुदहट थानाध्यक्ष प्रशांत पाठक पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।

