गोरखपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 43 लाख रुपयों के साथ दो युवक गिरफ्तार, बैग रखने को लेकर सड़क पर कर रहे थे विवाद

राजघाट थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 43 लाख 95 हजार 600 रुपये की संदिग्ध नकदी के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी बुधवार रात सड़क पर बैग रखने को लेकर आपस में विवाद कर रहे थे, जिसके बाद गश्त कर रही पुलिस की नजर उन पर पड़ी और इस भारी-भरकम कैश का खुलासा हुआ।
जानकारी के मुताबिक, बुधवार रात राजघाट इलाके में दो युवक एक बैग को रखने की बात पर सड़क पर ही आपस में उलझ रहे थे। संदिग्ध स्थिति देख मौके पर पहुंची पुलिस ने जब दोनों से पूछताछ की और उनके बैग की तलाशी ली, तो पुलिसकर्मी भी दंग रह गए। बैग के अंदर से नोटों की गड्डियां बरामद हुईं, जिनकी गिनती करने पर कुल रकम 43 लाख 95 हजार 600 रुपये निकली।
आरोपियों की हुई पहचान
पुलिस की पूछताछ में पकड़े गए आरोपियों की पहचान तारामंडल के विवेकपुरम निवासी विकास पांडेय और हरपुर बुदहट क्षेत्र के टिकरिया नाथ सिंह निवासी दुर्विजय यादव के रूप में हुई है। दोनों युवक इतनी बड़ी मात्रा में नकदी ले जाने के संबंध में कोई भी वैध दस्तावेज या संतोषजनक जवाब नहीं दे सके।
आयकर विभाग की जांच शुरू
मामले की गंभीरता को देखते हुए सीओ कैंट ने भी दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ की है। पुलिस ने नकदी को जब्त कर राजघाट थाने में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। इतनी बड़ी रकम बरामद होने के कारण पुलिस इस मामले को हवाला नेटवर्क से जोड़कर भी देख रही है और आरोपियों के कॉल डिटेल्स व संपर्क खंगाले जा रहे हैं। इसके साथ ही, पुलिस ने आधिकारिक तौर पर आयकर विभाग को भी सूचित कर दिया है, जो अब इस अघोषित नकदी के स्रोत की जांच कर रही है।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।