गोरखपुर में किशोर को गाली देने में घिरे दरोगा: मारपीट की सूचना पर पहुंचा था मामा, वीडियो बनाने पर रातभर चौकी में बैठाया

कोतवाली क्षेत्र की दुर्गाबाड़ी चौकी पर पुलिसकर्मी के व्यवहार को लेकर विवाद सामने आया है। आरोप है कि किशोर को अपशब्द कहने का विरोध करने पर चौकी प्रभारी ने उसके मामा को धक्का देकर बाहर कर दिया। मामा ने मोबाइल से घटनाक्रम का वीडियो बनाना शुरू किया तो पुलिसकर्मी नाराज हो गए। आरोप है कि पुलिस मामा और दोनों किशोरों को थाने ले गई, जहां उन्हें रातभर बैठाए रखा गया। मामा का शांतिभंग की आशंका में चालान कर दिया गया। मामले में सीओ कोतवाली ने जांच शुरू कर दी है। एसपी सिटी निमिष पाटिल ने भी जांच के बाद कार्रवाई का भरोसा दिया है।
जानकारी के अनुसार, चौकी क्षेत्र में दो किशोरों के बीच मारपीट हो गई थी। पुलिस दोनों को लेकर चौकी पहुंची। इसकी जानकारी मिलने पर एक किशोर का मामा अपने भांजे के साथ वहां पहुंच गया। वह विवाद करने को लेकर किशोर को समझा रहा था। इसी दौरान मामा का आरोप है कि चौकी प्रभारी ने किशोर को अपशब्द कहने शुरू कर दिए। इस पर उन्होंने विरोध जताते हुए कहा कि किशोर की मां उनकी बहन है, ऐसे में उसे गाली क्यों दी जा रही है? आरोप है कि इस बात से नाराज चौकी प्रभारी ने उन्हें धक्का देकर बाहर कर दिया।
विवाद के दौरान लोगों की भीड़ जुट गई
मामा के मुताबिक, चौकी पर विवाद के दौरान लोगों की भीड़ जुट गई थी। उन्होंने मोबाइल से वीडियो बनाना शुरू किया तो पुलिसकर्मी नाराज हो गए। आरोप है कि इसके बाद पुलिस दोनों किशोरों को थाने ले गई और वहां पहुंचे मामा को भी बैठा लिया। मामा ने रातभर दुर्व्यवहार किए जाने और दोनों किशोरों की पिटाई का भी आरोप लगाया है। हालांकि, चौकी प्रभारी ने अपशब्द कहने के आरोपों को खारिज किया है।
सीओ कोतवाली कर रहे मामले की जांच
पुलिस ने दोनों किशोरों को उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया, जबकि मामा का शांतिभंग की आशंका में चालान कर दिया गया। एसपी सिटी निमिष पाटिल ने कहा कि पूरे प्रकरण की जांच कराई जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।

