गोरखपुर में पुलिस-चेन स्नेचरों में हुई मुठभेड़: दोनों बदमाशों के पैर में लगी गोली, एक सिपाही हुआ घायल
कैंट इलाके में पुलिस और चेन स्नेचरों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस पर फायरिंग कर भाग रहे दो बदमाश जवाबी कार्रवाई में पैर में गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। इस दौरान सिपाही भूपेंद्र यादव भी घायल हो गए। पुलिस ने बदमाशों के कब्जे से दो चेन, बाइक, देशी तमंचा और कारतूस बरामद किए हैं।
एसपी सिटी निमिष पाटील के अनुसार, पकड़े गए बदमाशों की पहचान गगहा के देउरवीर गांव निवासी अजय उर्फ मंगरु और बेलीपार के कसिहार निवासी संजय के रूप में हुई है। दोनों पर चेन स्नेचिंग के कई मामले दर्ज हैं। अजय के खिलाफ विभिन्न थानों में सात और संजय के खिलाफ 11 मुकदमे दर्ज हैं। दोनों की शहर में लोकेशन मिली थी। मुखबिर की सूचना पर कैंट पुलिस और एंटीथेप्ट सेल ने पैडलेगंज के पास चेकिंग शुरू की। इसी दौरान बाइक से जा रहे दोनों युवकों को पुलिस ने रोकने का प्रयास किया। आरोप है कि दोनों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी और भागने लगे। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दोनों के पैर में गोली लगी। सिपाही भूपेंद्र यादव भी इस दौरान घायल हो गए। पुलिस ने दोनों बदमाशों और घायल सिपाही को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
कैंट थाने में दर्ज है मुकदमा
पुलिस के मुताबिक, दोनों बदमाश चेन स्नेचिंग की कई घटनाओं में शामिल रहे हैं। 20 जुलाई को एक महिला अपने पति के साथ सब्जी लेने जा रही थी। इसी दौरान दोनों युवक उसकी चेन छीनकर फरार हो गए थे। महिला की तहरीर पर कैंट थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। वहीं, 29 जुलाई की सुबह एक महिला टहल रही थी। आरोप है कि इसी दौरान उसके गले से चेन छीनकर दोनों भाग गए। इस मामले में भी कैंट थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था।











