गोरखपुर में पुलिस मुठभेड़ में हत्यारोपी अरेस्ट: पैर में गोली लगने से हुआ घायल, रेसर बाइक से धक्का देकर ली थी जान

गोरखपुर|
पैर में गोली लगने से हुआ घायल, रेसर बाइक से धक्का देकर ली थी जान

बेलीपार क्षेत्र में बाइक से धक्का देकर महिला की मौत के मामले में फरार चल रहे आरोपी को पुलिस ने गुरुवार सुबह में मुठभेड़ के दौरान अरेस्ट कर लिया। जवाबी फायरिंग में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी, जिसके बाद वह जमीन पर गिर पड़ा। पुलिस के पास पहुंचने पर आरोपी हाथ जोड़कर माफी मांगने लगा। उसने कहा, साहब गलती हो गई, अब नहीं करूंगा। घायल आरोपी को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कौड़ीराम ले जाया गया। वहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। आरोपी की पहचान बेलीपार क्षेत्र के चंदौली बुजुर्ग निवासी रवि निषाद के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से देशी तमंचा और कारतूस बरामद किए हैं। उसके खिलाफ चार केस दर्ज हैं।

पुलिस के मुताबिक, गुरुवार सुबह में मुखबिर से सूचना मिली कि महिला की मौत के मामले में वांछित रवि निषाद कसिहार बंधे के पास मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी को आत्मसमर्पण करने के लिए कहा। आरोप है कि इस दौरान उसने पुलिसकर्मियों को जान से मारने की नीयत से गोली चला दी। जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा के लिए फायरिंग की, जिसमें उसके दाहिने पैर में गोली लग गई। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

24 अक्टूबर की रात बाइक से दिया था धक्का

बेलीपार क्षेत्र के मलांव गांव निवासी संतोष पांडेय 24 अक्टूबर की रात अपनी पत्नी मीरा पांडेय के साथ गोरखपुर स्थित एक मैरिज हाउस में आयोजित सगाई समारोह से घर लौट रहे थे। समारोह उनके मायके की एक युवती का था। रात करीब 10 बजे दंपती बाइक से गांव के लिए निकले। भरवल गांव के आगे पीछे से रेसर बाइक पर सवार दो युवक पहुंचे। आरोप है कि बाइक सवारों ने मीरा को जानबूझकर धक्का मार दिया। इससे वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं। संतोष ने घटना की जानकारी गांव में रहने वाले अपने चचेरे भाई को दी। इसके बाद परिजन मीरा को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

दो आरोपियों के खिलाफ दर्ज था केस

पति की तहरीर पर पुलिस ने दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया था। एसपी साउथ दिनेश पुरी ने बताया कि मुठभेड़ के दौरान हत्या के मामले में वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। उसके खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।

फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।