गोरखपुर में पुलिस और गौ-तस्करों में मुठभेड़: चाचा-भतीजे को दबोचा, एक के दाहिने पैर में लगी गोली
गोला थाना क्षेत्र में शनिवार तड़के पुलिस और गो-तस्करों के बीच एक बड़ी मुठभेड़ हो गई। इस मुठभेड़ में पुलिस ने चाचा-भतीजे की जोड़ी को गिरफ्तार किया है, जो एक कसाई की मदद से आवारा पशुओं को काटकर उनका बीफ बेचने का अवैध धंधा करते थे। जवाबी फायरिंग में भतीजे के पैर में गोली लगी है।
यह मुठभेड़ गोला थाना क्षेत्र के माल्हनपार रोड स्थित चीनी मिल के पास शनिवार सुबह करीब 4:30 बजे हुई। पुलिस टीम को देखकर दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार बदमाशों ने पुलिस पर तमंचे से फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस द्वारा आत्मरक्षा में की गई जवाबी कार्रवाई में एक बाइक पर सवार बदमाश के दाहिने पैर में गोली लग गई और वह वहीं गिर गया। उसका दूसरा साथी भी बाइक अनियंत्रित होने से गिरकर चोटिल हो गया, जिसके बाद पुलिस ने दोनों को दबोच लिया। हालांकि, दूसरी बाइक पर सवार दो अन्य तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से भागने में सफल रहे, जिनकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है।
आरोपियों की पहचान और उनका नेटवर्क
पकड़े गए आरोपियों की पहचान सिकरीगंज थाना क्षेत्र के इमलीडीहखुर्द निवासी अब्दुल रहमान (भतीजा) और नूरूल हसन (चाचा) के रूप में हुई है। मुठभेड़ में घायल अब्दुल रहमान को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ है कि ये दोनों आरोपी आजाद नामक एक कसाई की मदद से इलाके के आवारा गोवंशों को पकड़ते थे, उन्हें काटते थे और फिर उनका मांस बेचने का काम करते थे।
गोवंश के अवशेष मिलने पर भड़के लोग
यह पूरा मामला शुक्रवार सुबह तब गरमाया, जब गोला क्षेत्र के निरंकार आश्रम के पास एक खेत में गोवंशीय पशुओं के क्षत-विक्षत अवशेष मिले थे। इस घटना से नाराज स्थानीय ग्रामीणों ने गोला-कौड़ीराम मार्ग पर जाम लगाकर भारी हंगामा किया था और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की थी।
घेराबंदी कर आरोपियों को मुठभेड़ में दबोचा
घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज किया और सर्विलांस व कॉल डिटेल रिकॉर्ड की मदद से बदमाशों को ट्रैक करना शुरू किया। इसी दौरान शनिवार की सुबह में पुलिस ने घेराबंदी कर इन आरोपियों को मुठभेड़ के बाद दबोच लिया। एसपी साउथ दिनेश पुरी के अनुसार, फरार चल रहे बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।

