गोरखपुर में प्रेस क्लब विवाद का जातीय मोड़: सड़कों पर उतरा क्ष​त्रिय समाज, निष्पक्ष जांच के लिए एसडीएम को सौपेगें ज्ञापन

गोरखपुर|

प्रेस क्लब में समाजवादी पार्टी की प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बैठने की जगह को लेकर शुरू हुआ विवाद अब पूरी तरह से जातीय मोड़ ले चुका है। सपा नेता अंशुमान सिंह के बेटे द्वारा पूर्व जिलाध्यक्ष राम नगीना साहनी को थप्पड़ मारे जाने के वीडियो वायरल होने के बाद राजनीति के साथ-साथ सामाजिक माहौल भी गरमा गया है। निषाद समाज की ओर से की जा रही कार्रवाई की मांग के विरोध में अब क्षत्रिय समाज भी सड़कों पर उतर आया है।

सोमवार शाम को बांसगांव स्थित दुर्गा मंदिर परिसर में क्षत्रिय समाज और स्थानीय नागरिकों की एक बड़ी महापंचायत बुलाई गई। बैठक में सिविल बार एसोसिएशन के पूर्व पदाधिकारियों सहित क्षेत्र के कई गांवों के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। महापंचायत में वक्ताओं ने आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि, अंशुमान सिंह और उनके बेटों पर दर्ज मुकदमे में पुलिस द्वारा 'हत्या के प्रयास' की धारा लगाना पूरी तरह गलत है। पुलिस द्वारा अंशुमान सिंह के परिवार के खिलाफ की जा रही कथित दमनकारी कार्रवाई और उत्पीड़न पर तत्काल रोक लगाई जाए। उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री संजय निषाद और अन्य नेताओं द्वारा इस मामले को लेकर दिए जा रहे बयानों पर समाज ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की।

केसरिया साफा पहन SDM को सौंपेंगे ज्ञापन

इस पूरे प्रकरण में निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर मंगलवार को बांसगांव बंद का आह्वान किया गया है। नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि विजय कुमार सिंह बबलू के अनुसार, क्षेत्रवासियों और व्यापारियों के सहयोग से सुबह से ही मुख्य बाजार, फल और सब्जी मंडियां पूरी तरह बंद हैं। क्षत्रिय समाज के लोग केसरिया साफा बांधकर एक बड़े मार्च के रूप में एसडीएम बांसगांव को मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपने निकल चुके हैं। ज्ञापन में मुख्य रूप से मुकदमे से गंभीर धाराएं हटाने और निष्पक्ष जांच की मांग की गई है।

आगे हो सकता है बड़ा आंदोलन

नेताओं ने स्पष्ट किया है कि यह बंद अनिश्चितकालीन नहीं है। संबंधित प्रशासनिक अधिकारी को ज्ञापन सौंपे जाने के तुरंत बाद ही दोपहर में बांसगांव की सभी दुकानें और व्यापारिक प्रतिष्ठान दोबारा खोल दिए जाएंगे। हालांकि, उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन ने उनकी मांगों पर सकारात्मक रुख नहीं अपनाया, तो आगे चलकर एक वृहद आंदोलन की रूपरेखा तैयार की जाएगी।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।

फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।