गोरखपुर में प्रोजेक्ट गरिमा से छात्राओं को किया जागरूक: मासिक धर्म स्वच्छता पर हुई चर्चा, स्कूलों में लगी सेनेटरी मशीनें

शहर में मासिक धर्म से जुड़ी झिझक और भ्रांतियों को दूर करने के लिए किसान इंटर कॉलेज आभूराम में छात्राओं को जागरूक किया गया। मानव विकास संस्था के प्रोजेक्ट गरिमा के तहत विद्यालय में सैनिटरी पैड वेंडिंग मशीन और इंसीनरेटर लगाए गए। कार्यक्रम का उद्देश्य स्वच्छता और सुविधाएं उपलब्ध कराना रहा।
संस्था के एक्जीक्यूटिव ऑफिसर बनवारी लाल ने कहा कि प्रोजेक्ट गरिमा का लक्ष्य मासिक धर्म को लेकर समाज में मौजूद गलत धारणाओं और संकोच को खत्म करना है। उन्होंने बताया कि छात्राओं में वैज्ञानिक सोच विकसित करने के साथ स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना भी अभियान की प्रमुख प्राथमिकता है।
मशीनों के संचालन का मिला प्रशिक्षण
छात्राओं को मासिक धर्म के दौरान साफ-सफाई रखने, सैनिटरी पैड का उचित उपयोग करने और इस्तेमाल किए गए पैड का सुरक्षित निस्तारण करने की जानकारी दी गई। प्रशिक्षिका अवंतिका सिंह ने छात्राओं को व्यक्तिगत स्वच्छता समझाई। उन्होंने वेंडिंग मशीन से पैड प्राप्त करने और इंसीनरेटर चलाने का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया।
कार्यक्रम में मौजूद रहे लोग
कार्यक्रम में श्यामप्रकाश, प्रशांत और सोनिका खरवार उपस्थित रहे। सोनिका ने महिलाओं के सम्मान, स्वास्थ्य तथा मासिक धर्म स्वच्छता के महत्व पर विचार रखे। प्रधानाचार्य और छात्राओं ने पहल की सराहना करते हुए संस्था का आभार जताया। अभियान गोरखपुर के अन्य चयनित विद्यालयों में भी चरणबद्ध तरीके से जारी रहेगा।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।

