गोरखपुर में कार हटाने के विवाद में वाटर पार्क में बवाल: परिवार पर लाठी-डंडों से हमले का आरोप, 6 लोग घायल

चौरी चौरा थाना क्षेत्र स्थित रेनबो वाटर पार्क में घूमने पहुंचे एक परिवार के साथ कथित तौर पर मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि पार्क से बाहर निकलते समय कार हटाने को लेकर कर्मचारियों से कहासुनी हुई। इसके बाद 10 से 15 कर्मचारियों ने परिवार के लोगों पर लाठी, डंडे और रॉड से हमला कर दिया। इस दौरान घटना का वीडियो बना रही एक युवती को भी कथित रूप से धक्का देकर गिराया गया, उसके कपड़े फाड़ दिए गए और मोबाइल छीनकर रॉड से तोड़ दिया गया। घटना में परिवार के छह सदस्य घायल हुए हैं। मामले की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने घायलों को मेडिकल परीक्षण के लिए भेज दिया है। पुलिस ने पूरे प्रकरण की जांच शुरू कर दी है।
शाहपुर थाना क्षेत्र के बशारतपुर निवासी मुस्कान सोनकर ने चौरी चौरा थाने में तहरीर दी। उन्होंने बताया कि वह अपने परिवार के 15 सदस्यों के साथ दो कारों से चौरी चौरा के देवीपुर स्थित रेनबो वाटर पार्क घूमने गई थीं। परिवार में बच्चे और महिलाएं भी शामिल थीं। सभी लोग वापस लौट रहे थे। इसी दौरान कार हटाने को लेकर वाटर पार्क के कर्मचारियों से विवाद हो गया। आरोप है कि देखते ही देखते वहां मौजूद कई कर्मचारी एकत्र हो गए और परिवार के लोगों के साथ गाली-गलौज करते हुए लाठी, डंडे और रॉड से मारपीट शुरू कर दी।
वीडियो बनाने पर मोबाइल तोड़ने का आरोप
पीड़िता के अनुसार, जब उन्होंने पूरी घटना का वीडियो बनाना शुरू किया तो कुछ कर्मचारी उनकी ओर बढ़े और मोबाइल छीनने का प्रयास करने लगे। आरोप है कि इस दौरान उन्हें जमीन पर पटक दिया गया। इससे सिर में चोट आई और उनके कपड़े भी फट गए। इसके बाद कर्मचारियों ने उनका मोबाइल छीनकर रॉड से क्षतिग्रस्त कर दिया। मारपीट में परिवार के छह लोग घायल हुए हैं।
वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान
घटना के दौरान वाटर पार्क परिसर में अफरा-तफरी और चीख-पुकार का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। पीड़ित परिवार ने घटना का वीडियो पुलिस को सौंपा है। इसके अलावा मौके पर मौजूद अन्य लोगों द्वारा बनाए गए वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। पुलिस इन्हीं वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।
मेडिकल के बाद होगी आगे की कार्रवाई
सीओ चौरी चौरा कुंदन सिंह ने बताया कि घायल युवती की तहरीर प्राप्त हो गई है। सभी घायलों का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









