गोरखपुर से शुरू हुआ 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान: सीएम ने लगाए त्रिवेणी पौधे, प्रदेश में 35 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य

गोरखपुर|1 घंटा पहले
सीएम ने लगाए त्रिवेणी पौधे, प्रदेश में 35 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य

जिले में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार सुबह गोरखपुर से प्रदेशव्यापी पौधरोपण अभियान की शुरुआत करते हुए 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने नीम, पीपल और बरगद के पौधे रोपे। कार्यक्रम के बाद उन्होंने गुब्बारे उड़ाए और पौधरोपण स्थल पर आईफोन से सेल्फी भी ली। प्रदेश में एक ही दिन 35 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है।

गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस-वे के निकट आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सुबह करीब 8:30 बजे पहुंचे। यहां उन्होंने नीम, पीपल और बरगद के पौधे लगाकर अभियान का शुभारंभ किया। पौधरोपण के बाद उन्होंने आकाश में गुब्बारे छोड़े और आईफोन से तस्वीर भी ली। इस दौरान सांसद रवि किशन मोबाइल स्क्रीन देखते हुए इशारों में फोटो की स्थिति बताते नजर आए, जिसके बाद मुख्यमंत्री ने सेल्फी क्लिक की।

पर्यावरण संरक्षण को बताया समय की सबसे बड़ी जरूरत

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस वर्ष मानसून करीब एक माह की देरी से पहुंचा, जिससे खेती प्रभावित हुई है। उन्होंने कहा कि मौसम का स्वरूप लगातार बदल रहा है और गर्मी तथा सर्दी दोनों ही चरम पर पहुंच रही हैं। ग्लोबल वार्मिंग को लेकर पूरी दुनिया चिंता जता रही है। उनके मुताबिक समुद्र तटीय शहरों पर खतरा बढ़ रहा है और कई शहर गैस चैंबर में बदलते जा रहे हैं। बीमार और बुजुर्गों को घर से बाहर न निकलने की सलाह तक देनी पड़ रही है। उन्होंने कहा कि अंधाधुंध पेड़ों की कटाई और जल स्रोतों के खत्म होने का असर पूरी मानवता को भुगतना पड़ रहा है। इसलिए पौधे लगाने के साथ उनका संरक्षण भी उतना ही जरूरी है।

नौ वर्षों के पौधरोपण का रखा ब्योरा

मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले नौ वर्षों में उत्तर प्रदेश में 242 करोड़ पौधे लगाए जा चुके हैं। इनमें से 35 करोड़ पौधे केवल पिछले वर्ष रोपे गए थे। उन्होंने उज्ज्वला योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि देश में 10 करोड़ परिवारों को मुफ्त रसोई गैस कनेक्शन मिलने से महिलाओं को धुएं से राहत मिली और आंखों व सांस से जुड़ी बीमारियों में कमी आई।

रवि किशन ने सरकार के विजन की सराहना की

कार्यक्रम में सांसद रवि किशन ने मुख्यमंत्री की कार्यशैली की प्रशंसा करते हुए कहा कि वह स्वयं कलाकार हैं, लेकिन मुख्यमंत्री उससे भी बड़े कलाकार और दूरदर्शी हैं। उन्होंने कहा कि उनके विजन का परिणाम आज विकास और हरियाली के रूप में दिखाई दे रहा है। साथ ही उन्होंने कहा कि पिछली सरकार जहां गीडा में कब्रिस्तान के लिए जमीन तलाश रही थी। वहीं वर्तमान सरकार रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने पर काम कर रही है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।