ब्रेकिंगगोरखपुर में सिपाही ने की बच्ची की हत्या: जिला अस्पताल से किया था मासूम का किडनैप, नदी से मिला शव

गोरखपुर|2 घंटे पहले
जिला अस्पताल से किया था मासूम का किडनैप, नदी से मिला शव

शहर में 10 वर्षीय बच्ची के अपहरण और हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। जिला अस्पताल से बच्ची को कथित तौर पर अगवा करने वाले डायल-112 में तैनात सिपाही को पुलिस ने अरेस्ट कर लिया है। आरोपी की निशानदेही पर गुरुवार सुबह नदी से बच्ची का शव बरामद किया गया। शुरुआती जांच में पुलिस रेप के बाद हत्या की आशंका जता रही है। मामले की जांच जारी है।

पुलिस के मुताबिक, बच्ची की बड़ी बहन जिला अस्पताल में भर्ती थी। 28 जुलाई को बच्ची उसे खाना देने अस्पताल आई थी। रात में घर लौटते समय वर्दी पहने सिपाही अभिषेक यादव उसे बाइक पर बैठाकर ले गया। बच्ची के घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने गुमशुदगी दर्ज कराई। जांच के दौरान अस्पताल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, जिनमें आरोपी बच्ची के साथ दिखाई दिया। इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपराध स्वीकार कर लिया। उसकी निशानदेही पर गुरुवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे नदी से बच्ची का शव बरामद किया गया।

बहन ने बताई अस्पताल की पूरी घटना

पीड़ित परिवार मूल रूप से आजमगढ़ जिले के कप्तानगंज थाना क्षेत्र का रहने वाला है और पिछले चार वर्षों से गोरखपुर में किराये पर रह रहा है। बच्ची के पिता ई-रिक्शा चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। बड़ी बहन ने पुलिस को बताया कि वह जिला अस्पताल में भर्ती थी। उसी दौरान वर्दी पहने एक व्यक्ति आया और घर का पता पूछने लगा। उसने घर छोड़ने की बात भी कही। जब छोटी बहन अस्पताल से निकली तो आरोपी कुछ दूर तक उसके पीछे गया और बाद में उसे बाइक पर बैठाकर ले गया।

पहले भी जेल जा चुका है आरोपी

पुलिस के अनुसार, आरोपी सिपाही अभिषेक यादव गोरखपुर में डायल-112 में तैनात है। वह पहले भी पश्चिम बंगाल की एक युवती से रेप के मामले में जेल जा चुका है और निलंबित भी किया गया था। मामले की जांच के लिए पुलिस की 10 टीमें गठित की गई थीं। पुलिस ने बताया कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

रासुका के तहत होगी कार्रवाई

इस संबंध में एसएसपी डॉ. कौस्तुभ ने बताया कि मासूम की हत्या के आरोपी सिपाही अभिषेक यादव को अरेस्ट कर लिया गया है। पुलिस ने करीब 200 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर इस वारदात का खुलासा किया। आरोपी सिपाही को सेवा से बर्खास्त करने की रिपोर्ट भेज दी गई है और उस पर रासुका के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी की खुद की भी सात साल की एक बेटी है, जो गाजीपुर में अपनी मां के साथ रहती है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।