गोरखपुर में बेटे ने कुल्हाड़ी से की पिता की हत्या: छत पर चढ़कर खुद किया ऐलान, शादी को लेकर करता था जिद

गुलरिहा थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। जहां एक युवक ने अपने ही पिता की कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी घर की छत पर चढ़ गया और जोर-जोर से चिल्लाकर लोगों को घटना की जानकारी दी। उसकी आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। वहीं मृतक के परिजनों और ग्रामीणों में शोक का माहौल है।
यह घटना गुलरिहा थाना क्षेत्र के जंगल अयोध्या प्रसाद नौका टोला की है। यहां 50 वर्षीय ब्रम्हदेव कन्नौजिया अपने 25 वर्षीय बेटे गोलू के साथ रहते थे। परिवार के अन्य दो बेटे रोजगार के सिलसिले में बाहर रहते हैं। बताया जा रहा है कि दोनों पिता-पुत्र ने साथ भोजन किया और सोने चले गए। ब्रम्हदेव घर के बाहर चारपाई पर सो रहे थे। इसी दौरान रात करीब दो बजे गोलू ने कुल्हाड़ी उठाई और सो रहे पिता पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। हमले में ब्रम्हदेव की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात इतनी अचानक हुई कि उन्हें बचाव का कोई अवसर नहीं मिल सका।
पुलिस ने हिरासत में लिया
हत्या के बाद आरोपी गोलू घर की छत पर चढ़ गया और ऊंची आवाज में चिल्लाते हुए लोगों से कहा कि उसने अपने पिता को कुल्हाड़ी से मार डाला है। युवक की आवाज सुनकर पड़ोसी और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। घर के बाहर खून से लथपथ बॉडी देखकर लोगों के होश उड़ गए। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। कुछ ही देर में पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया।
मां की मौत के बाद बिगड़ी थी मानसिक स्थिति
ग्रामीणों के अनुसार, गोलू पिछले करीब दो महीने से मानसिक रूप से अस्वस्थ था। उसका इलाज चल रहा था। उसकी मां का कुछ समय पहले निधन हो गया था। इसके बाद उसकी मानसिक स्थिति और अधिक प्रभावित हो गई थी। पड़ोसियों ने बताया कि ब्रम्हदेव अपने बेटे की विशेष देखभाल करते थे। वह उसे समय पर दवा दिलाने के साथ-साथ उसके खान-पान का भी पूरा ध्यान रखते थे। बताया जाता है कि गोलू अक्सर अपनी शादी कराने की जिद करता था। इसी बात को लेकर घर में कई बार विवाद भी होता था।
पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस के साथ फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। टीम ने हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी समेत अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस ने बॉडी को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। वहीं आरोपी से पूछताछ कर घटना के कारणों की जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस ने दर्ज किया केस
पुलिस अधिकारी रवि कुमार सिंह ने बताया कि थाना गुलरिहा क्षेत्र में देर रात सूचना प्राप्त हुई थी कि एक युवक ने अपने ही पिता की कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी है। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया। प्रारंभिक पूछताछ में परिजनों ने बताया कि आरोपी पिछले सात से आठ वर्षों से मानसिक रूप से अस्वस्थ है। उसका इलाज चल रहा है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। साथ ही मामले की जांच करते हुए अन्य आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









