गोरखपुर में अचानक बारिश से बदला मौसम: गर्मी से लोगों को मिली राहत, उमस ने फिर बढ़ाई परेशानी

गोरखपुर|04 जून 2026
गर्मी से लोगों को मिली राहत, उमस ने फिर बढ़ाई परेशानी

शहर में गुरुवार को मौसम ने अचानक करवट ली। सुबह के बाद दोपहर में भी शहर के कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ तेज बारिश हुई। जिससे भीषण गर्मी और उमस से जूझ रहे लोगों को कुछ समय के लिए राहत मिली। हालांकि यह राहत ज्यादा देर तक कायम नहीं रह सकी। बारिश थमने के कुछ ही समय बाद वातावरण में फिर से उमस बढ़ गई। मौसम के इस अचानक बदले मिजाज ने लोगों को हैरान कर दिया।

बारिश शुरू होते ही सड़क पर मौजूद राहगीर, दुकानदार और वाहन चालक सुरक्षित स्थानों की तलाश में जुट गए। कई लोगों ने दुकानों, शोरूमों और मकानों के छज्जों के नीचे शरण ली। शहर के विभिन्न हिस्सों में करीब 10 से 15 मिनट तक तेज बारिश हुई। कुछ स्थानों पर बारिश की तीव्रता इतनी अधिक रही कि सड़कों पर पानी जमा होता दिखाई दिया। हालांकि बारिश रुकने के बाद तेज धूप और नमी के कारण फिर से गर्मी का असर महसूस होने लगा।

थंडर क्लाउड बनने से हुई बारिश

मौसम वैज्ञानिक डॉ. कैलाश पांडे के अनुसार, यह बदलाव थंडर क्लाउड बनने की वजह से देखने को मिला। उन्होंने बताया कि ऐसे बादलों का प्रभाव सीमित क्षेत्र तक ही रहता है। यही कारण रहा कि शहर के कुछ हिस्सों में तेज बारिश हुई। वहीं अन्य इलाकों में धूप बनी रही। उन्होंने बताया कि इस प्रकार की बारिश को स्थानीय स्तर पर "पासिंग शॉवर" कहा जाता है। जिसका प्रभाव सामान्यतः एक सीमित दायरे में ही दिखाई देता है। गुरुवार को शहर का अधिकतम तापमान 39.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिनभर तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। दोपहर के समय बाजारों और प्रमुख सड़कों पर भी सामान्य दिनों की तुलना में कम भीड़ दिखाई दी।

अगले सप्ताह और बढ़ सकती है गर्मी

मौसम विभाग के अनुसार हवा में बढ़ी नमी और लगातार पड़ रही तेज धूप के कारण हीट इंडेक्स बढ़ गया है। जिससे लोगों को वास्तविक तापमान से अधिक गर्मी महसूस हो रही है। एक्सपर्ट्स का कहना है कि आने वाले एक सप्ताह तक अधिकतम तापमान 40 से 43 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रह सकता है। हालांकि स्थानीय स्तर पर बादलों की आवाजाही और कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी की संभावना बनी रहेगी। इससे गर्मी में बड़ी राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। मौसम विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर के समय अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने को कहा। पर्याप्त पानी पीने और धूप से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी है। बढ़ती गर्मी और उमस आने वाले दिनों में लोगों की मुश्किलें और बढ़ा सकती हैं।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।