गोरखपुर के सूरजकुंड मंदिर में चढ़ावा चोरी: पूजा के बाद थैली लेकर भागा चोर, CCTV में कैद हुई फुटेज
तिवारीपुर क्षेत्र के सूरजकुंड मंदिर में चढ़ावे की थैली चोरी होने का मामला सामने आया है। वारदात मंदिर के गर्भगृह में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई। फुटेज में एक व्यक्ति पहले मंदिर में पूजा करता दिखाई दे रहा है। इसके बाद वह पास रखी दो थैलियों को खोलकर देखता है और बाहर चला जाता है। कुछ देर बाद वह दोबारा मंदिर में पहुंचता है और दोनों थैलियां उठाकर तेजी से फरार हो जाता है। पुजारी की तहरीर पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सूरजकुंड मंदिर के पुजारी पंडित विजय कुमार दुबे ने तिवारीपुर थाने में तहरीर दी। उन्होंने बताया कि 15 सितंबर की सुबह करीब 8:20 से 8:25 बजे के बीच सीताराम नाम का व्यक्ति पूजा करने मंदिर के गर्भगृह में आया था। उसने विधिवत पूजा की और माथा टेकने के बाद कुछ देर वहीं रहा। बाहर निकलते समय उसने पास रखी दो थैलियों को खोलकर देखा, फिर चला गया। कुछ देर बाद वह दोबारा चुपचाप मंदिर में आया और दोनों थैलियां लेकर निकल गया।
चढ़ावे की सामग्री और रुपये थे
पुजारी के मुताबिक थैलियों में चढ़ावे का वस्त्र और कुछ रुपये रखे थे। चढ़ावे का काम पड़ने पर थैलियां नहीं मिलीं तो मंदिर में हलचल मच गई। कर्मचारियों से पूछताछ के साथ काफी तलाश की गई, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद CCTV फुटेज खंगाली गई। फुटेज में पूरी गतिविधि सामने आने के बाद चोरी का पता चला। पुलिस अब तहरीर के आधार पर जांच और आगे की कार्रवाई कर रही है।











