गोरखपुर में नाबालिग से रेप का आरोपी टेलर अरेस्ट: कपड़े सिलवाने के बहाने छात्रा को घर पर बुलाया, पॉक्सो एक्ट में केस दर्ज

तिवारीपुर क्षेत्र में कपड़े सिलने वाले एक व्यक्ति पर 14 वर्षीय छात्रा से रेप का आरोप लगा है। छठवीं कक्षा में पढ़ने वाली बच्ची अपनी मां के कपड़ों की सिलाई के लिए टेलर को बुलाने उसके घर गई थी। आरोप है कि इसी दौरान उसने बच्ची को कमरे में बंद कर वारदात को अंजाम दिया। पीड़िता के पिता की शिकायत पर पुलिस ने पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज कर आरोपी को अरेस्ट कर लिया। सोमवार को कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया।
पीड़िता के पिता के मुताबिक, उनका परिवार तिवारीपुर क्षेत्र में रहता है। पास की दूसरी कॉलोनी में रहने वाला टेलर जमशेद आलम घर आकर परिवार के सदस्यों के कपड़ों की नाप लेता और सिलाई करता था। दिवाली से पहले पत्नी को कुछ कपड़े सिलवाने थे, इसलिए रविवार शाम करीब छह बजे उन्होंने बेटी को टेलर को बुलाने भेजा। काफी देर बाद बच्ची घर लौटी तो वह घबराई हुई थी और कुछ बोल नहीं पा रही थी। उसके कपड़े भी अस्त-व्यस्त थे। परिजनों के बार-बार पूछने पर उसने बताया कि टेलर ने कमरे का दरवाजा बंद कर उसका मुंह दबाया और उसके साथ गलत हरकत की। बच्ची ने रोते हुए पूरी घटना बताई।
शिकायत के बाद पुलिस ने की गिरफ्तारी
बेटी की आपबीती सुनने के बाद पिता ने तिवारीपुर थाने पहुंचकर आरोपी के खिलाफ शिकायत दी। पुलिस ने केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की। सोमवार को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर जमशेद आलम को इलाके से अरेस्ट कर लिया गया। पुलिस के अनुसार, आरोपी बोल और सुन नहीं सकता है। उसकी पत्नी पैर से दिव्यांग है। दंपती आसपास के लोगों के कपड़े सिलकर परिवार चलाता है। घटना के बाद आरोपी के माफी मांगने की बात भी सामने आई है।
जल्द चार्जशीट दाखिल करने की तैयारी
तिवारीपुर थाना प्रभारी विकास सिंह ने बताया कि शिकायत मिलने पर तत्काल प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी को अरेस्ट कर लिया गया। पुलिस का कहना है कि विवेचना जल्द पूरी कर आरोपपत्र अदालत में दाखिल किया जाएगा, ताकि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा सके।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।

