गोरखपुर में तारपीन तेल के गोदाम में भड़की आग: 20 से ज्यादा घर खाली कराए, अंदर कई लोगों के फंसे होने की आशंका
तिवारीपुर थाना क्षेत्र के मोहनलालपुर में सोमवार शाम करीब 4:30 बजे तारपीन तेल के गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया। आसपास के लोगों ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। सूचना पर फायर ब्रिगेड की टीम और तिवारीपुर पुलिस मौके पर पहुंची। आग की भयावहता को देखते हुए आसपास के 20 से अधिक घरों को खाली कराया गया। फायर ब्रिगेड की टीम रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी है। करीब एक घंटे बाद भी आग पर काबू नहीं पाया जा सका था।
बताया जा रहा है कि एक घर के भीतर तारपीन तेल का गोदाम बनाया गया था। इसी गोदाम में शाम के समय आग लगी। आग फैलने की आशंका को देखते हुए फायर ब्रिगेड ने आसपास के घरों को खाली कराया। घटनास्थल पर कई फायर टैंकर भेजे गए हैं। टीम लगातार पानी की बौछार कर आग बुझाने का प्रयास कर रही है। गोदाम के अंदर किसी के फंसे होने की आशंका भी जताई जा रही है। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और राहत-बचाव अभियान की निगरानी कर रहे हैं।
आग लगने की वजह स्पष्ट नहीं
आग लगने के बाद मोहनलालपुर इलाके में भगदड़ की स्थिति बन गई। आसपास के लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा गया। फायर ब्रिगेड की टीमें आग के स्रोत तक पहुंचने और अंदर किसी के मौजूद होने की स्थिति में रेस्क्यू करने की कोशिश कर रही हैं। फिलहाल आग लगने की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।










