गोरखपुर में शिक्षिका पर तीन साल के बच्चे को पीटने का आरोप: स्कूल जाने के नाम पर रोने लगा बच्चा, पिता ने मांगी सीसीटीवी फुटेज

शाहपुर थाना क्षेत्र में तीन साल के बच्चे के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आया है। परिजनों ने स्कूल की शिक्षिका पर बच्चे को थप्पड़ मारने और नाखून से सिर नोचने का आरोप लगाया है। पिता अतुल सिंह ने थाने में शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की। परिवार का कहना है कि जुलाई में बच्चे का स्कूल में दाखिला कराया गया था। इसके बाद से ही वह स्कूल जाने के नाम पर रोने और घबराने लगा था। परिजनों के मुताबिक, बच्चे के सिर पर नाखून से नोचने के निशान भी मिले हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
एचएन सिंह चौराहे के पास गोविंद नगरी निवासी अतुल सिंह ने बताया कि उनके दो बेटे हैं। बड़ा बेटा शहर के एक स्कूल में कक्षा तीन में पढ़ता है, जबकि छोटे बेटे की उम्र तीन साल है। जुलाई में उन्होंने छोटे बेटे का पास के एक स्कूल में दाखिला कराया था। अतुल के मुताबिक, चार दिन पहले स्कूल से वीडियो कॉल आया। उस समय बच्चा कांपते हुए रो रहा था। शिक्षिका ने बताया कि वह खाना नहीं खा रहा है। परिवार का आरोप है कि इसी दौरान बच्चे के मुंह में जबरन रोटी ठूंस दी गई। इसके बाद परिजन स्कूल पहुंचे और बच्चे को घर ले आए। मां सालवी सिंह ने बताया कि बेटा स्कूल का नाम सुनते ही चीखने लगता है। घर लौटने पर उसने शिक्षिका द्वारा पीटे जाने की बात बताई।
सीसीटीवी फुटेज में मारपीट दिखने का दावा
पिता अतुल सिंह का कहना है कि अगले दिन स्कूल पहुंचकर उन्होंने सीसीटीवी फुटेज देखी। उनके दावे के मुताबिक, वीडियो में शिक्षिका बच्चे को थप्पड़ मारती और उसके सिर को नाखून से नोचती दिखाई दीं। इसके बाद उन्होंने प्रिंसिपल से एक महीने की सीसीटीवी रिकॉर्डिंग उपलब्ध कराने की मांग की। आरोप है कि इस पर प्रिंसिपल नाराज हो गए और कथित तौर पर कहा कि जो करना है कर लो, यहां से कुछ नहीं मिलेगा। परिजनों का यह भी आरोप है कि शिक्षिका दूसरे बच्चों के साथ भी मारपीट करती हैं।
पिता ने पुलिस से की फुटेज सुरक्षित करने की मांग
अतुल सिंह ने पुलिस से स्कूल की सीसीटीवी फुटेज जल्द कब्जे में लेकर सुरक्षित कराने की मांग की है। उन्हें आशंका है कि देरी होने पर महत्वपूर्ण साक्ष्य मिटाए जा सकते हैं। परिवार का कहना है कि मामला केवल उनके बेटे तक सीमित नहीं है बल्कि स्कूल में पढ़ने वाले अन्य बच्चों की सुरक्षा से भी जुड़ा है। फिलहाल पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।

