गोरखपुर में आज तीन घंटे बिजली कटौती: सुबह 10 से दोपहर 1 बजे तक ठप रहेगी सप्लाई, राप्तीनगर न्यू उपकेंद्र के दो फीडर रहेंगे बंद

शहर में सड़क चौड़ीकरण और बिजली की इंसुलेटेड लाइनों को शिफ्ट करने के काम के कारण आज कई इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। सुबह 10 बजे से दोपहर एक बजे तक काम चलने के दौरान संबंधित उपकेंद्रों और फीडरों से जुड़े उपभोक्ताओं को बिजली कटौती का सामना करना पड़ेगा। विद्युत विभाग ने प्रभावित क्षेत्रों के लोगों से पहले ही जरूरी तैयारियां पूरी करने की अपील की है।
विद्युत निगम के अधिकारियों के मुताबिक, राप्तीनगर न्यू विद्युत उपकेंद्र के 11 केवी रेल विहार और करीम नगर फीडर से जुड़े क्षेत्रों में सुबह 10 बजे से दोपहर एक बजे तक बिजली आपूर्ति पूरी तरह बंद रहेगी। इसके अलावा शाहपुर विद्युत उपकेंद्र से जुड़े इलाकों में भी तीन घंटे तक बिजली नहीं आएगी। इस दौरान लाइन शिफ्टिंग का काम पूरा किया जाएगा, ताकि सड़क चौड़ीकरण के कार्य में बाधा न आए।
कटौती से पहले निपटा लें जरूरी काम
विद्युत विभाग ने बिजली कटौती को लेकर पहले ही सार्वजनिक सूचना जारी कर दी है। अधिकारियों ने उपभोक्ताओं को सलाह दी है कि वे सुबह 10 बजे से पहले पानी भरने और बिजली से जुड़े जरूरी काम निपटा लें। विभाग के अनुसार, लाइन शिफ्टिंग का काम पूरा होते ही बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।

