गोरखपुर में बादलों की गड़गड़ाहट के बीच बारिश जारी: वज्रपात का अलर्ट, अगले एक हफ्ते तक बारिश की संभावना

गोरखपुर|2 घंटे पहले
वज्रपात का अलर्ट, अगले एक हफ्ते तक बारिश की संभावना

शहर में शुक्रवार की शुरुआत बारिश के साथ हुई। देर रात शुरू हुई बूंदाबांदी सुबह तक रुक-रुककर जारी रही। इससे मौसम पूरी तरह सुहावना हो गया। 40 से 45 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली ठंडी हवाओं ने उमस और गर्मी से राहत दिलाई। मौसम विभाग ने शुक्रवार को दिनभर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। विभाग के अनुसार जिले में अगले पांच से सात दिनों तक मानसून पूरी तरह सक्रिय रहेगा। इस दौरान लगातार बारिश के साथ 11 और 12 जुलाई को कई स्थानों पर भारी बारिश, तेज हवाएं और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका है।

मौसम विभाग के मुताबिक शुक्रवार को पूरे दिन आसमान में बादलों का डेरा रहेगा। बीच-बीच में हल्की से मध्यम बारिश होती रहेगी। इससे तापमान सामान्य से नीचे बना रहेगा और लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि गोरखपुर और आसपास के क्षेत्रों में अगले पांच से सात दिनों तक मानसूनी गतिविधियां तेज बनी रहेंगी। इस दौरान कई इलाकों में अच्छी बारिश दर्ज होने की संभावना है।

11 और 12 जुलाई को भारी बारिश का पूर्वानुमान

मौसम विभाग ने 11 और 12 जुलाई के लिए विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है। पूर्वानुमान के अनुसार इन दो दिनों में जिले के कई हिस्सों में तेज से बहुत तेज बारिश हो सकती है। इसके साथ 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने, गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की भी संभावना जताई गई है। लगातार वर्षा के कारण निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बनने की आशंका है। ऐसे क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

तापमान में गिरावट

लगातार बारिश का असर तापमान पर भी दिखाई देगा। मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों में अधिकतम तापमान 30 से 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। इससे दिनभर मौसम अपेक्षाकृत ठंडा और आरामदायक बना रहेगा। विभाग ने किसानों को बताया कि मौजूदा बारिश खरीफ फसलों, खासकर धान की बुवाई और फसल की बढ़वार के लिए लाभकारी साबित होगी। वहीं आम लोगों से अपील की गई है कि गरज-चमक के दौरान खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों के पास खड़े होने से बचें, जलभराव वाले रास्तों पर अनावश्यक आवाजाही न करें और मौसम विभाग की ताजा चेतावनियों पर लगातार नजर बनाए रखें।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।