गोरखपुर में आज से ट्रैफिक अलर्ट: तीन दिन बदला रहेगा शहर का रूट, सुबह 4 बजे तक नो-एंट्री रहेगी प्रभावी

यातायात पुलिस ने दुर्गा पूजा और दशहरा पर्व पर उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए विशेष डायवर्जन प्लान तैयार किया है। यह डायवर्जन 18, 19 और 20 अक्टूबर को शहर क्षेत्र में शाम पांच बजे से प्रभावी रहेगा। साथ ही शहर के बाहरी क्षेत्रों में नो-एंट्री व्यवस्था भी निर्धारित समय के अनुसार लागू रहेगी। सामान्य दिनों में रात 11 बजे तक प्रभावी रहने वाली नो-एंट्री त्योहार के दौरान अगले दिन सुबह चार बजे तक लागू रहेगा। यातायात पुलिस ने भारी वाहनों से लेकर हल्के वाहनों और व्यावसायिक वाहनों तक के लिए अलग-अलग वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए हैं। एंबुलेंस को इस डायवर्जन से छूट दी गई है।
यातायात पुलिस के प्लान के अनुसार, लखनऊ, बस्ती और संतकबीरनगर की तरफ से नौसढ़ आने वाले ऐसे सभी भारी मालवाहक वाहन, जिन्हें महराजगंज, सोनौली और कुशीनगर की ओर जाना है उन्हें कालेसर से जंगल कौड़िया और बाघागाड़ा फोरलेन के रास्ते भेजा जाएगा। वापसी में भी इन्हीं मार्गों का इस्तेमाल करना होगा। वहीं वाराणसी और बड़हलगंज की तरफ से आने वाले महराजगंज और सोनौली जाने वाले भारी मालवाहक वाहनों को बाघागाड़ा फोरलेन से बाईपास होते हुए कालेसर, जंगल कौड़िया, जगदीशपुर कोनी और सोनबरसा-पिपराइच मार्ग से अपने गंतव्य तक जाना होगा। इन वाहनों की वापसी भी इसी निर्धारित मार्ग से होगी।
शहर में नहीं कर सकेंगे प्रवेश
देवरिया की तरफ से आने वाले ऑयल टैंकर, गैस टैंकर और अन्य व्यावसायिक वाहनों को खोराबार बाईपास से डायवर्ट किया जाएगा। ये वाहन खोराबार बाईपास से सिक्टौर, रामगढ़ताल थाना तिराहा और पैडलेगंज होते हुए अपने गंतव्य की ओर जाएंगे। कुशीनगर और देवरिया की तरफ से आने वाले हल्के वाहनों की संख्या बढ़ने पर शहर में उनका प्रवेश रोका जा सकता है। ऐसी स्थिति में इन वाहनों को कूड़ाघाट तिराहा से खोराबार-देवरिया बाईपास रोड, हनुमान मंदिर देवरिया बाईपास तिराहा, नौकायान और पैडलेगंज की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
देवरिया बाईपास के रास्ते भेजे जाएंगे वाहन
पैडलेगंज और मोहद्दीपुर की तरफ से शहर में प्रवेश करने वाले वाहनों को भीड़ बढ़ने पर आवश्यकतानुसार नौकायान, हनुमान मंदिर देवरिया बाईपास और चिड़ियाघर के रास्ते भेजा जाएगा। टीपी नगर चौराहे से बेतियाहाता की ओर जाने वाले वाहनों की भीड़ बढ़ने पर उन्हें पैडलेगंज की तरफ डायवर्ट किया जाएगा। इसी तरह बरगदवां की तरफ से आने वाले भारी वाहनों को बरगदवां चौराहे से नकहा ओवरब्रिज होते हुए स्पोर्ट्स कॉलेज की ओर भेजा जाएगा। हल्के वाहनों के लिए जरूरत के अनुसार एमपी पॉलिटेक्निक चौराहा, इंडस्ट्रियल मोड़, रामनगर चौराहा और स्पोर्ट्स कॉलेज से खजांची की ओर जाने वाला मार्ग निर्धारित किया गया है।
हावर्ट बांध से लालडिग्गी पर रहेगा प्रतिबंध
धर्मशाला और काली मंदिर की तरफ से आने वाले हल्के वाहनों को भीड़ बढ़ने पर पुलिस लाइन तिराहा और यातायात कार्यालय तिराहे से कार्मल रोड तिराहा, रेलवे रोडवेज तिराहा होते हुए विश्वविद्यालय चौराहे की ओर डायवर्ट किया जाएगा। वहीं हावर्ट बांध से लालडिग्गी और साहबगंज मंडी की तरफ भारी वाहनों का आवागमन निर्धारित समय में प्रतिबंधित रहेगा। इन वाहनों को टीपी नगर से अमर उजाला तिराहा, पैडलेगंज और नौकायान की तरफ भेजा जाएगा। धर्मशाला चौराहे और गोयल गली तिराहे से चार पहिया और तीन पहिया वाहनों को गंगेज तथा दुर्गाबाड़ी की तरफ जाने की अनुमति नहीं होगी। इन वाहनों को निर्धारित वैकल्पिक मार्गों से ही आवागमन करना होगा। सूरजकुंड ओवरब्रिज से उतरने वाले वाहन तिवारीपुर होकर अपने गंतव्य की ओर जाएंगे। इसी प्रकार तिवारीपुर की तरफ से आने वाले वाहनों को सूरजकुंड ओवरब्रिज के रास्ते भेजा जाएगा।
गोरखनाथ मंदिर और धर्मशाला मार्ग पर भी रहेगा डायवर्जन
गोरखनाथ मंदिर और धर्मशाला मार्ग पर भी यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। गोरखनाथ मंदिर से धर्मशाला होते हुए यातायात तिराहे की ओर तथा यातायात तिराहे से धर्मशाला होते हुए गोरखनाथ मंदिर की तरफ आने-जाने वाले ऑटो, ई-रिक्शा और अन्य व्यावसायिक वाहनों का मार्ग परिवर्तित रहेगा। इन वाहनों को निर्धारित वैकल्पिक रास्तों से आवागमन करना होगा। त्योहार के दौरान शहर में भीड़ और जाम की स्थिति से निपटने के लिए यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि निर्धारित डायवर्जन का पालन करें और अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।

