गोरखपुर में ट्रेलर ने नौवीं की छात्रा को कुचला: मौके पर हुई मौत, स्कूल जाते समय हुआ हादसा

कैंपियरगंज-करमैनी मार्ग पर भगवानपुर गांव के पास बुधवार सुबह मोरंग लदे एक ट्रेलर ने स्कूल जा रही नौवीं की छात्रा संजू को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रालर लेकर भागने लगा। ग्रामीणों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने वाहन को कब्जे में ले लिया। साथ ही आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
गुलरिहा गांव निवासी जितेंद्र की पुत्री संजू बुधवार सुबह करीब 8:30 बजे घर से भैंसला स्थित इंटर कॉलेज में पढ़ने जा रही थी। अभी वह भगवानपुर गांव के पास पहुंची थी तभी कैंपियरगंज की तरफ से मोरंग लादकर आ रहे ट्रेलर ने उसे टक्कर मार दी, जिससे छात्रा की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही करमैनी चौकी की पुलिस मौके पर पहुंच गई। जानकारी पाकर संजू की मां, बहन और अन्य परिजन भी घटनास्थल पर पहुंचे। बेटी का शव देखकर मां और बहन बदहवास हो गईं। उनकी चीख-पुकार से मौके पर मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं। परिवार में कोहराम मच गया।
ग्रामीणों ने चालक को पकड़ा
हादसे के बाद चालक ट्रेलर लेकर भागने लगा। ग्रामीणों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी। सूचना पाकर मौके पर पुलिस पहुंच गई। करमैनी चौकी प्रभारी ने बताया कि ट्रेलर को कब्जे में ले लिया गया है। मामले में नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जा रही है।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।

