गोरखपुर में अनियंत्रित ट्रक ने मासूम को रौंदा: बालू खाली कर लौट रहा था वाहन, बच्ची के ऊपर से गुजरा पहिया

गोरखपुर|

बेलीपार थाना क्षेत्र के कसिहार–मलाव मार्ग स्थित मलाव चौराहे पर दर्दनाक सड़क हादसे में दो वर्षीय बच्ची की मौत हो गई। घर के बाहर खेल रही मासूम को बालू खाली कर लौट रहे ट्रक ने कुचल दिया। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया और बच्ची का शव सड़क पर रखकर कसिहार-मलाव मार्ग जाम कर दिया। ग्रामीण भारी वाहनों के आवागमन पर रोक, पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता और जिलाधिकारी को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े रहे। स्थिति को देखते हुए दो थानों की पुलिस के साथ प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया।

जानकारी के अनुसार, मलाव चंदा घाट से बालू खाली कर लौट रहा ट्रक गांव के भीतर से गुजर रहा था। इसी दौरान घर के सामने खेल रही सृष्टि अचानक ट्रक की चपेट में आ गई। ट्रक का पहिया उसके ऊपर से गुजर गया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन ग्रामीणों ने पीछा कर कुछ दूरी पर उसे पकड़ लिया। आक्रोशित लोगों ने उसकी पिटाई की और बाद में पुलिस के हवाले कर दिया। सृष्टि अपने माता-पिता की तीन बेटियों में सबसे छोटी थी। उसकी बड़ी बहन आरुषि (5) और मंझली बहन आकृति (3) हैं। हादसे के बाद पिता गौतम मौर्य और मां का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल छा गया।

मांगों पर अड़े ग्रामीण

हादसे से नाराज ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान मुकुंद नारायण सेवक पांडेय के नेतृत्व में बच्ची का शव सड़क पर रखकर कसिहार-मलाव मार्ग जाम कर दिया। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने आरोपी चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई, पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता तथा गांव से भारी वाहनों के आवागमन पर तत्काल रोक लगाने की मांग उठाई। सूचना मिलने पर बेलीपार पुलिस मौके पर पहुंची। लेकिन ग्रामीण अपनी मांगों से पीछे हटने को तैयार नहीं हुए। इसके बाद एसडीएम बांसगांव मलखान सिंह और क्षेत्राधिकारी बांसगांव अनुज कुमार सिंह भी मौके पर पहुंचे। हालात को देखते हुए बांसगांव थाने से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाकर मौके पर तैनात किया गया।

ग्रामीणों ने किया सड़क पर प्रदर्शन

प्रशासन की ओर से ग्रामीणों को समझाने का लगातार प्रयास किया गया। एसडीएम मलखान सिंह ने आश्वासन दिया कि पोस्टमॉर्टम से पहले गांव में भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाने के लिए बैरियर लगाए जाएंगे। इसके साथ ही अन्य मांगों पर भी नियमानुसार कार्रवाई का भरोसा दिया गया। इसके बावजूद ग्रामीण जाम समाप्त करने के लिए तैयार नहीं हुए और सड़क पर प्रदर्शन जारी रहा।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।