गोरखपुर में मौसम ने ली करवट: तेज हवा के साथ हुई बारिश, धूप निकलते ही फिर बढ़ी उमस
शहर में शनिवार दोपहर मौसम ने अचानक करवट ली। तेज धूप और उमस के बीच शहर के कई इलाकों में अचानक तेज हवाएं चलने लगीं। जिसके बाद बारिश शुरू हो गई। बारिश से लोगों को गर्मी से कुछ देर के लिए राहत जरूर मिली। लेकिन मौसम साफ होते ही उमस फिर बढ़ गई। मौसम के इस बदले मिजाज ने लोगों को हैरान कर दिया।
बारिश शुरू होते ही सड़क पर मौजूद राहगीर, दुकानदार और वाहन चालक सुरक्षित स्थानों की ओर भागते नजर आए। कई लोगों ने दुकानों, छज्जों और सार्वजनिक स्थलों के नीचे शरण लेकर खुद को भीगने से बचाया। करीब 10 से 15 मिनट तक हुई तेज बारिश के दौरान कुछ स्थानों पर सड़कों पर पानी जमा हो गया।
अलग-अलग इलाकों में दिखा अलग असर
शहर के रामगढ़ताल और आसपास के क्षेत्रों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। जबकि डीडीयू गोरखपुर यूनिवर्सिटी और उसके आसपास के इलाकों में केवल बूंदाबांदी हुई। कई स्थानों पर घने बादल छाए रहे। लेकिन बिना बारिश किए आगे बढ़ गए। मौसम में लगातार तीसरे दिन बदलाव देखने को मिला। जिससे लोगों को भीषण गर्मी के बीच थोड़ी राहत महसूस हुई।
मौसम विभाग ने जताई बारिश की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ और पूर्वी हवाओं के प्रभाव से गोरखपुर और आसपास के क्षेत्रों में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी। अगले कुछ दिनों तक कहीं-कहीं हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना है। हालांकि, मौसम साफ होने के बाद तापमान और उमस में फिर वृद्धि हो सकती है। शनिवार को शहर का अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि मानसून पूर्व गतिविधियों के कारण फिलहाल मौसम में उतार-चढ़ाव का दौर जारी रहेगा।











