गोरखपुर में महिला का 6 साल तक किया शोषण: विरोध करने पर मारपीट कर शरीर में ठोंकी कील, काम के दौरान हुई थी मुलाकात

गोरखपुर|

चौरीचौरा थाना क्षेत्र में एक महिला ने युवक पर शादी का भरोसा देकर करीब छह साल तक शारीरिक शोषण करने का आरोप लगाया है। महिला के मुताबिक, गर्भवती होने के बाद युवक और उसके परिवार ने गर्भपात कराने का दबाव बनाया। उसने विरोध किया तो मारपीट की गई और डराने के लिए उसके शरीर में कील ठोंक दी गई। महिला का दावा है कि घटना का निशान अब भी उसके शरीर पर है। बाद में उसने एक बेटे को जन्म दिया, जिसकी उम्र फिलहाल चार साल है। महिला का आरोप है कि बच्चे के जन्म के बाद भी युवक शादी करने और मां-बेटे को अपने साथ रखने के लिए तैयार नहीं हुआ। परेशान होकर महिला ने सोशल मीडिया पर वीडियो पोस्ट कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मदद की अपील की।

चौरीचौरा थाना क्षेत्र की रहने वाली महिला ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि करीब छह साल पहले काम के सिलसिले में उसकी मुलाकात गांव के एक युवक से हुई थी। बातचीत बढ़ने के बाद दोनों के बीच संबंध बने। महिला का आरोप है कि युवक ने शादी का भरोसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए, लेकिन शादी की बात आने पर वह लगातार कोई न कोई बहाना बनाकर टालता रहा।

दवा खिलाकर गर्भपात कराने की कोशिश की

महिला के अनुसार, इसी दौरान वह गर्भवती हो गई। आरोप है कि युवक और उसके परिवार ने उसे दवा खिलाकर गर्भपात कराने की कोशिश की। विरोध करने पर उसके बाल खींचकर मारपीट की गई और शरीर में कील ठोंककर डराने का प्रयास किया गया। महिला का दावा है कि कील से हुआ निशान आज भी मौजूद है।

जहरीला पदार्थ देने का आरोप

महिला ने आरोप लगाया कि गर्भपात के लिए दबाव बनाने के दौरान उसे अंडे में जहरीला पदार्थ मिलाकर खाने को दिया गया। उसके मुताबिक, उसने अंडा बाद में खाने के लिए रख दिया था। इसी दौरान एक बिल्ली ने उसे खा लिया और उसकी मौत हो गई। महिला का आरोप है कि इन घटनाओं का मकसद उसका गर्भपात कराना था, लेकिन वह किसी तरह बच गई। बाद में उसने बेटे को जन्म दिया।

युवक ने बच्चे को लेकर दी धमकी

महिला के अनुसार, शादी के लिए दबाव बनाने पर युवक ने बच्चे को लेकर धमकी दी और मारपीट कर दोनों को घर से बाहर निकाल दिया। उसका आरोप है कि बिना शादी के बच्चे को जन्म देने के कारण मायके वालों ने भी उससे दूरी बना ली। फिलहाल महिला अपने चार वर्षीय बेटे के साथ अकेली रह रही है। महिला ने सोशल मीडिया वीडियो में दावा किया कि उसने कई बार थाने में शिकायत की, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। गोरखपुर पुलिस की मीडिया सेल ने वीडियो पर प्रतिक्रिया देते हुए बताया कि चौरीचौरा थाना प्रभारी को मामले की जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।

फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।