गोरखपुर में बच्चों संग पानी की टंकी पर चढ़ी महिला: बोली- सीएम से मिलवाइए, जमीन पर कब्जे का लगाया आरोप

सहजनवा क्षेत्र की एक महिला रविवार को अपनी दो मासूम बच्चियों के साथ सदर तहसील परिसर स्थित करीब 100 फीट ऊंची पानी की टंकी पर चढ़ गई। अचानक हुई इस घटना से प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही कैंट थाना पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। करीब आधे घंटे तक चले समझाने-बुझाने के बाद महिला बच्चों सहित सुरक्षित नीचे उतर आई। अधिकारियों ने उसकी शिकायत लेकर जांच और नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया।
महिला की पहचान सहजनवा थाना क्षेत्र के मुस्तफाबाद उर्फ मलऊर गांव निवासी कृष्ण कांती सिंह, पत्नी राहुल प्रताप सिंह के रूप में हुई। वह रविवार सुबह करीब 11:30 बजे अपनी सात और दस वर्ष की दो बच्चियों के साथ सदर तहसील पहुंचीं। इसके बाद वह सीधे परिसर में स्थित पानी की टंकी पर चढ़ गईं। महिला का कहना था कि वर्ष 2017 से उसकी जमीन पर गांव के दबंगों ने कब्जा कर रखा है। कई बार शिकायत करने के बावजूद उसे न्याय नहीं मिला। उसने आरोप लगाया कि एक व्यक्ति खुद को मुख्यमंत्री का करीबी बताकर उसके परिवार का उत्पीड़न करा रहा है।
सीएम से मिलने की मांग पर अड़ी रही
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने महिला से नीचे उतरने की अपील की। लेकिन वह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से सीधे मुलाकात कराने की मांग पर अड़ी रही। महिला ने आरोप लगाया कि शिकायतों के बावजूद कार्रवाई नहीं हुई और पुलिस भी उसके परिवार को परेशान करती है। काफी देर तक समझाने के बाद जब अधिकारियों ने निष्पक्ष जांच और आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिया, तब वह बच्चों के साथ नीचे उतरने को तैयार हुई।
शिकायत लेकर शुरू की गई कार्रवाई
महिला के सुरक्षित नीचे आने के बाद तहसीलदार ज्ञान प्रकाश सिंह ने उसका प्रार्थना पत्र लिया। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया। इस दौरान कैंट थाना प्रभारी संजय सिंह समेत अन्य अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे। पूरे घटनाक्रम के दौरान करीब आधे घंटे तक प्रशासनिक अमला महिला और बच्चों को सुरक्षित नीचे उतारने में जुटा रहा। घटना के बाद तहसील परिसर में लोगों की भीड़ जमा हो गई थी।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









