गोरखपुर में रेलवे ट्रैक किनारे मिला युवक का क्षत-विक्षत शव: ट्रेन की चपेट में आने से हादसे की आशंका, जांच में जुटी पुलिस
गोरखपुर के चौरी चौरा थाना क्षेत्र के करमहा ओवरब्रिज के नीचे शनिवार सुबह रेलवे लाइन किनारे झाड़ियों में एक करीब 50 वर्षीय अधेड़ व्यक्ति का क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ है। यह हादसा इतना भीषण था कि मृतक का सिर धड़ से अलग हो चुका था। सूचना पर स्थानीय पुलिस और जीआरपी की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
शनिवार सुबह करीब 7 बजे स्थानीय लोगों ने रेलवे ट्रैक के किनारे झाड़ियों में शव देखकर पुलिस को सूचित किया। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और जीआरपी की टीम ने घटनास्थल का मुआयना किया और शव को कब्जे में लिया।
ट्रेन की चपेट में आने से हादसे की आंशका
पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार, प्रथमदृष्टया यह मामला ट्रेन की चपेट में आने से हुआ हादसा प्रतीत हो रहा है। मृतक की अभी तक शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के गांवों के लोगों से संपर्क कर रही है और पहचान स्थापित करने के लिए सोशल मीडिया पर मृतक की तस्वीरें और घटना से संबंधित जानकारी साझा कर पहचान कराने को प्रयास कर रही हैं।











