गोरखपुर में कमरे में फंदे से लटका मिला युवक का शव: दो साल से बेटे संग मायके में है पत्नी, नशे की लत के कारण होता था विवाद

खजनी क्षेत्र स्थित बसियाखोर गांव में सोमवार सुबह 27 वर्षीय युवक का शव कमरे में फंदे से लटका मिला। सुबह करीब छह बजे तक कमरे का दरवाजा नहीं खुलने और अंदर से कोई हलचल नहीं होने पर परिजनों को चिंता हुई। अंदर जाकर देखा तो सोनू का शव फंदे से लटका था। घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है।
परिजनों के मुताबिक, सोनू स्वर्गीय हरिलाल कन्नौजिया का बेटा था और पेंट-पॉलिश का काम करता था। उसकी पत्नी पारिवारिक विवाद के कारण पिछले दो साल से अपने मायके में रह रही थी। उनका पांच वर्षीय बेटा अनिकेत भी मां के साथ रहता था। परिवार ने बताया कि सोनू को नशे की लत थी, जिसको लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था। पत्नी के अलग रहने से वह परेशान रहता था। परिजनों के अनुसार, घटना से पहले देर रात सोनू की पत्नी से फोन पर बातचीत भी हुई थी। हालांकि, बातचीत में क्या हुआ, इसकी जानकारी सामने नहीं आई है।
गांव में शोक का माहौल
सोनू के पिता हरिलाल का पहले ही निधन हो चुका था। उसकी मां कलावती के तीन बेटे थे। परिवार के मंझले बेटे सूर्यभान की करीब छह महीने पहले कैंसर से मौत हो गई थी। परिवार इस सदमे से उबर भी नहीं पाया था कि सोनू की मौत से एक और दुख टूट पड़ा। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।
मामले की जांच कर रही पुलिस
खजनी के थानाध्यक्ष जयंत कुमार सिंह ने बताया कि शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस पारिवारिक परिस्थितियों समेत घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। मौत की वास्तविक वजह पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के बाद स्पष्ट हो सकेगी।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।

