गोरखपुर में पिकअप की टक्कर से किशोर की मौत: स्कूटी से लौट रहा था घर, पुलिस हिरासत में चालक

शहर में सड़क हादसे में 16 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। हादसा कैंट थाना क्षेत्र में सूबा बाजार स्थित हनुमान मंदिर के पास हुआ। किशोर स्कूटी से गोरखपुर से अपने घर लौट रहा था, तभी एक पिकअप वाहन ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी गंभीर थी कि किशोर की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक की पहचान झंगहा थाना क्षेत्र के जंगल रसूलपुर, टुकड़ा नंबर दो के बरबसहा निवासी धर्मबीर यादव के बेटे श्रेयांश के रूप में हुई है। वह कक्षा नौ में पढ़ता था और अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसके पिता पुलिस विभाग में कार्यरत हैं। हादसे से परिवार में मातम छा गया।
पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा शव
सूचना मिलने पर इंजीनियरिंग कॉलेज चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल पिकअप वाहन को कब्जे में लेने के साथ चालक को भी हिरासत में लिया है। चौकी इंचार्ज नवीन राय ने बताया कि शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है और वाहन व चालक को पकड़ लिया गया है।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।

