गोरखपुर में मेडिकल कॉलेज से गायब हुई एक माह की बच्ची: रुपये निकालने की बात कहकर अज्ञात महिला को सौंपा था, अपहरण का केस दर्ज पुलिस कर रही तलाश

गोरखपुर|
रुपये निकालने की बात कहकर अज्ञात महिला को सौंपा था, अपहरण का केस दर्ज पुलिस कर रही तलाश

बाबा राघव दास (बीआरडी) मेडिकल कॉलेज से एक माह की नवजात बच्ची संदिग्ध परिस्थितियों में गायब हो गई। बच्ची की मां का कहना है कि रुपये निकालने के दौरान उसने पास खड़ी एक अज्ञात महिला को बच्ची सौंप दी थी, जिसके बाद वह महिला बच्ची को लेकर रफूचक्कर हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और गुलरिहा थाना पुलिस अपहरण का केस दर्ज कर बच्ची की तलाश में जुट गई है।

जानकारी के मुताबिक, संतकबीरनगर जिले के बेलहर कला थाना क्षेत्र के गोपालपुर निवासी राममनोहर की पत्नी रोशनी ने एक महीने पहले ऑपरेशन से एक बच्ची को जन्म दिया था। तबीयत खराब होने की वजह से बच्ची को 15 अक्टूबर को बीआरडी मेडिकल कॉलेज के बाल सेवा संस्थान के एनआईसीयू के बेड नंबर 500 पर भर्ती कराया गया था। सोमवार सुबह करीब 11:30 बजे बच्ची की सेहत में सुधार होने पर डॉक्टरों ने उसे फीडिंग (दूध पिलाने) के लिए कंगारू मदर केयर वार्ड में मां के पास भेजा था।

डॉक्टरों के निरीक्षण में खुला मामला

दोपहर करीब 1:30 बजे जब जूनियर डॉक्टर वार्ड का निरीक्षण करने पहुंचे, तो वहां से मां और बच्ची दोनों गायब मिले। अस्पताल प्रशासन ने तुरंत इसकी जानकारी बच्ची के पिता राममनोहर को दी। कुछ देर बाद जब मां रोशनी वापस लौटी तो उसने बताया कि वह खाना खाने और रुपये निकालने के लिए वार्ड से बाहर निकली थी। रुपये निकालने के दौरान उसने पास में ही खड़ी एक महिला को कुछ देर के लिए बच्ची संभालने को दी थी, जो मौका पाकर बच्ची को लेकर फरार हो गई।

माता-पिता के बयानों में अंतर

पुलिस की शुरुआती पूछताछ में माता-पिता के बयानों में थोड़ा विरोधाभास देखने को मिला है। बच्ची के पिता राममनोहर का कहना है कि सुबह से ही उनकी पत्नी की मानसिक स्थिति कुछ ठीक नहीं थी। वह अपनी साली को छोड़ने घर गए हुए थे और वार्ड में उनकी पत्नी अकेली थी। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए गुलरिहा थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अस्पताल परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि संदिग्ध महिला का सुराग लगाया जा सके और बच्ची को सकुशल बरामद किया जा सके।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।

फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।