गोरखपुर में तेज रफ्तार बाइक ने छात्रा को रौंदा: सीएचसी में इलाज के दौरान तोड़ा दम, परिवार में पसरा मातम

बड़हलगंज के डेरवा क्षेत्र के गायघाट ग्रामसभा में तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से 17 वर्षीय छात्रा की जान चली गई। कावेरी देवी महिला विद्यालय के सामने हुए इस हादसे के बाद मौके पर भगदड़ मच गई। छात्रा की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। घटना की सूचना पर पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
गायघाट निवासी विजय पाल की पुत्री जानकी पाल किसी काम से जा रही थी। इसी दौरान कावेरी देवी महिला विद्यालय के सामने तेज रफ्तार से आ रही बाइक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजन उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बड़हलगंज ले गए, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। बेटी की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
मौके पर पहुंची पुलिस
हादसे में शामिल बाइक का पंजीकरण नंबर यूपी 50 सीआर 6494 बताया गया है। दुर्घटना के बाद पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस मामले से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटा रही है। हादसे के कारणों और बाइक चालक के संबंध में विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। इस दर्दनाक घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।

