सीएम योगी 22 जुलाई को आएंगे गोरखपुर: सिक्सलेन फ्लाईओवर के उद्घाटन की तैयारी तेज, भाजपा बूथ सम्मेलन में होंगे शामिल
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 22 जुलाई को गोरखपुर दौरे की तैयारियां प्रशासन ने तेज कर दी हैं। प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री शहर के पहले सिक्सलेन सह फोरलेन फ्लाईओवर का लोकार्पण करेंगे। इसी दिन वह भाजपा के बूथ सम्मेलन में भी शामिल होंगे।
प्रस्तावित कार्यक्रम के मुताबिक मुख्यमंत्री 22 जुलाई की सुबह गोरखपुर पहुंचेंगे। सबसे पहले वह योगिराज बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह में आयोजित भाजपा के बूथ सम्मेलन में शामिल होंगे। इस सम्मेलन में गोरखपुर शहर और गोरखपुर ग्रामीण विधानसभा क्षेत्रों के कुल 829 बूथ अध्यक्ष मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम में सांसद रविकिशन, गोरखपुर ग्रामीण के विधायक विपिन सिंह, महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव तथा भाजपा महानगर अध्यक्ष रमेश गुप्ता सहित अन्य जनप्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है। सम्मेलन को लेकर भाजपा महानगर इकाई तैयारियों में जुटी हुई है।
कुल लंबाई 2600 मीटर से अधिक
मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम में शहर के पहले सिक्सलेन सह फोरलेन फ्लाईओवर का लोकार्पण भी शामिल है। करीब 429 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस परियोजना का मुख्य फ्लाईओवर पैडलेगंज-नौसढ़ मार्ग पर इंदिरा नगर स्थित पेट्रोल पंप से शुरू होकर ट्रांसपोर्ट नगर पुलिस चौकी के आगे तक लगभग 2.2 किलोमीटर लंबा है। इसके अलावा देवरिया बाईपास पर लगभग 400 मीटर लंबा फोरलेन संपर्क पुल भी बनाया गया है। दोनों संरचनाओं की कुल लंबाई 2600 मीटर से अधिक है।
सफर होगा आसान
फ्लाईओवर शुरू होने के बाद पैडलेगंज से ट्रांसपोर्ट नगर तक बिना किसी प्रमुख चौराहे पर रुके आवागमन संभव होगा। इससे देवरिया बाईपास, नहर रोड तिराहा, रुस्तमपुर चौराहा, फलमंडी चौराहा और ट्रांसपोर्ट नगर चौराहे पर लगने वाले जाम से राहत मिलने की उम्मीद है। देवरिया बाईपास की ओर जाने वाले वाहन भी सीधे फ्लाईओवर से उतर सकेंगे। इससे लखनऊ मार्ग की कनेक्टिविटी और यातायात व्यवस्था पहले की तुलना में अधिक सुगम होगी।
श्रीराम कथा में भी हो सकते हैं शामिल
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोरखनाथ मंदिर में 23 जुलाई से शुरू होने वाली श्रीराम कथा में भी शामिल हो सकते हैं। हालांकि, इस कार्यक्रम की भी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। प्रशासन और संबंधित विभाग संभावित दौरे को देखते हुए सभी तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे हैं।











