गोरखपुर सराफा बाजार में DRI का छापा: सोना-चांदी गलाने की सूचना पर लखनऊ की टीम ने मारा छापा, खंगाले पुराने रिकॉर्ड

शहर में स्थित हिंदी बाजार की सराफा मंडी में बुधवार शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब राजस्व आसूचना निदेशालय (DRI) की टीम ने एक प्रतिष्ठित फर्म पर छापेमारी की। लखनऊ से आई DRI की इस विशेष टीम ने गोपी गली में स्थित 'बुद्ध गलाई फर्म' को अपने घेरे में लेकर जांच शुरू की। मिली जानकारी के अनुसार, जांच एजेंसी को इस फर्म में अवैध रूप से सोना-चांदी गलाने और बड़े पैमाने पर संदिग्ध खरीद-फरोख्त की गोपनीय सूचना मिली थी।
बुधवार शाम करीब 6 बजे जैसे ही DRI की टीम गोपी गली पहुंची, पूरी सराफा मंडी में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। शुरुआती दौर में स्थानीय व्यापारियों और मंडी के लोगों को लगा कि यह आयकर, जीएसटी विभाग की कोई सामान्य रूटीन जांच है। हालांकि, बाद में जब टीम के राजस्व आसूचना निदेशालय से जुड़े होने की पुष्टि हुई, तो बाजार के अन्य व्यापारियों में खलबली बढ़ गई।
स्टॉक और पुराने लेनदेन की देर रात तक चली जांच
जांच टीम ने संबंधित फर्म के भीतर मौजूद सोना और चांदी के भौतिक स्टॉक का मिलान किया। इसके अलावा, टीम ने कंप्यूटर डेटा, पुराने लेनदेन से जुड़े दस्तावेजों और बहीखातों को भी अपने कब्जे में लेकर जांच का दायरा बढ़ाया। बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई देर रात तक जारी रही, जिसमें फर्म के पिछले कुछ समय के वित्तीय लेन-देन के रिकॉर्ड को खंगाला गया।
पहले भी चर्चा में रही है संबंधित फर्म
सराफा बाजार के सूत्रों के अनुसार, यह फर्म पिछले कुछ समय से जांच एजेंसियों के रडार पर थी। इसके अलावा, हाल के दिनों में इस फर्म से कथित तौर पर करीब दो किलो सोने के गबन का मामला भी कारोबारियों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ था, जिसे आपसी स्तर पर सुलझा लेने की बात सामने आई थी। इसके साथ ही, फर्म द्वारा पिछले कुछ वर्षों में बड़े पैमाने पर संपत्तियां खरीदे जाने को लेकर भी तरह-तरह की चर्चाएं बाजार में गर्म हैं।
आधिकारिक पुष्टि का इंतजार
गोरखपुर का यह सराफा बाजार पूर्वोत्तर और नेपाल सीमा के नजदीक होने के कारण पहले भी कई बार सोने की तस्करी और अवैध खरीद-फरोख्त को लेकर चर्चा में रह चुका है। फिलहाल इस छापेमारी में टीम के हाथ क्या-क्या दस्तावेज या बेनामी कीमती धातुएं लगी हैं, इसकी कोई भी आधिकारिक जानकारी जांच एजेंसी या स्थानीय पुलिस द्वारा साझा नहीं की गई है। स्थानीय सराफा मंडल के पदाधिकारियों ने गोपी गली में DRI की कार्रवाई होने की पुष्टि की है।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।

