गोरखपुर में दो घंटे हुई जोरदार बारिश: सड़कों पर आवागमन हुआ बाधित, लोगों को हुई भारी परेशानी
गोरखपुर में गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे से जोरदार बारिश शुरू हो गई। करीब दो घंटे की बारिश से शहर की कई सड़कें तालाब बन गईं। जगह-जगह पानी भरने से लोगों को आने-जाने में परेशानियों का सामना करना पड़ा। आसमान आज पूरे दिन बादलों से घिरा रहा। मौसम विभाग ने आज गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई हैं।
बारिश के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल रही हैं। सड़कों पर वाहन चालक लाइट और वाइपर चलाकर सफर कर रहे हैं। वहीं, तेज बारिश से बचने के लिए लोगों को जहां जगह मिली, वहीं रुकना पड़ा।
सुबह में निकली थी तेज धूप
गुरुवार सुबह में तेज धूप निकली थी। करीब 10 बजे अचानक आसमान में बादल छा गए और ठंडी हवाएं चलने लगीं। इसके करीब 10 मिनट बाद हल्की बारिश शुरू हो गई। इससे लोगों को उमस भरी गर्मी से थोड़ी राहत मिली।
आने वाले दिनों में गर्मी से राहत
मौसम विभाग ने आज दिनभर रुक-रुककर बारिश होने की संभावना जताई है। इसे देखते हुए लोग घर से निकलते समय छाता और रेनकोट साथ लेकर निकल रहे हैं। वहीं, 14 अगस्त से गोरखपुर और आसपास के जिलों में मध्यम बारिश होने की संभावना है। इससे आने वाले दिनों में गर्मी और उमस से राहत मिलने की उम्मीद है।
अचानक बदला मौसम
गुरुवार सुबह ही तापमान करीब 32 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। तेज धूप के चलते लोगों का घर से निकलना मुश्किल हो गया। सड़कों पर कई लोग गमछा, दुपट्टा और टोपी से खुद को धूप से बचाते नजर आए। करीब साढ़े दस बजे मौसम अचानक बदला और तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश के बाद तापमान में थोड़ी गिरावट जरूर आई, लेकिन हवा में नमी ज्यादा होने की वजह से चिपचिपी गर्मी बनी रही। लोगों का कहना है कि राहत पूरी तरह तभी मिलेगी, जब लगातार अच्छी बारिश होगी। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक गुरुवार को हवा में नमी 70 से 90 प्रतिशत तक रहने की संभावना है। यही वजह है कि तापमान बहुत ज्यादा नहीं होने के बावजूद लोगों को उमस और बेचैनी महसूस हो रही है।
14 अगस्त से सक्रिय होगा मौसम
मौसम वैज्ञानिक डॉ. कैलाश पाण्डेय ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से 14 अगस्त से मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। गोरखपुर और आसपास के जिलों में मध्यम बारिश की संभावना है। इससे उमस और गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।











