गोरखपुर के बीआरडी कॉलेज से गायब बच्ची का अभी तक नहीं मिला सुराग: मां बोली- डस्टबिन में फेंक दिया, फोन में सर्च की बच्चों के मारने के तरीके

गोरखपुर के बीआरडी मेडिकल कॉलेज से सोमवार को गायब हुई एक महीने की नवजात बच्ची का 24 घंटे बाद भी सुराग नहीं लग पाया है। पुलिस पूछताछ में बच्ची की मां लगातार अपने बयान बदल रही है, जिससे मामले की गुत्थी और उलझ गई है। पुलिस की जांच में मां के मोबाइल से बेहद चौंकाने वाला खुलासा हुआ है, जिसमें उसने बच्ची के गायब होने से पहले इंटरनेट पर कई बार नवजात को मारने के तरीके सर्च किए थे।
बीआरडी मेडिकल कॉलेज के कंगारू मदर केयर वार्ड से सोमवार को एक महीने की बच्ची अचानक गायब हो गई थी। डॉक्टर जब वार्ड में पहुंचे तो मां और बच्ची दोनों वहां नहीं थे। इसके बाद बच्ची के लापता होने की सूचना पुलिस को दी गई। मंगलवार को जब महिला दरोगा ने मां से कड़ाई से पूछताछ की, तो उसने पहले कहा कि उसने बच्ची को मेडिकल कॉलेज के पास स्थित प्यारेलाल पार्क की झाड़ियों में फेंक दिया है। पुलिस ने वहां घंटों तलाशी ली, लेकिन कुछ हाथ नहीं लगा। इसके बाद मां ने अपना बयान बदलते हुए कहा कि उसने बेटी को रेलवे स्टेशन के पास एक डस्टबिन में फेंक दिया है।
डस्टबिन और कूड़ेदानों में तलाशी, डॉग स्क्वायड तैनात
मां के दूसरे बयान के बाद गुलरिहा पुलिस, डॉग स्क्वायड और एंटी थेफ्ट टीम महिला को लेकर रेलवे स्टेशन पहुंची। वहां एक-एक प्लेटफॉर्म के डस्टबिन और कूड़ेदानों को खंगाला गया, लेकिन बच्ची का कोई पता नहीं चला। पुलिस को शक है कि महिला या तो पुलिस को गुमराह कर रही है या उसने बच्ची को किसी अन्य व्यक्ति को सौंप दिया है।
मोबाइल हिस्ट्री ने उड़ाए होश, सर्च किए मारने के तरीके
इस पूरे मामले में सबसे बड़ा मोड़ तब आया जब पुलिस ने मां का मोबाइल चेक किया। जांच में सामने आया कि महिला ने अपने मोबाइल पर लगभग सात से 10 बार यह सर्च किया था कि 'नवजात बच्चों को कैसे मारा जाता है' या 'बच्चों को मारने का तरीका क्या है'। इस सर्च हिस्ट्री के सामने आने के बाद पुलिस हत्या या किसी बड़ी अनहोनी की आशंका को ध्यान में रखकर भी जांच को आगे बढ़ा रही है। फिलहाल पुलिस ने मां के कथित बयानों के आधार पर ठोस साक्ष्य जुटाना शुरू कर दिया है और बच्ची की तलाश के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।

