एमएलसी चुनाव: वित्तविहीन गुट ने डॉ. संजयन को दिया समर्थन, बदला चुनावी समीकरण
गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के आगामी विधान परिषद (एमएलसी) चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मी बढ़ गई है। डॉ. संजयन को जीत दिलाने के लिए सपा कार्यकर्ताओं ने जनसंपर्क तेज कर दिया है। इसको लेकर गुरुवार को आजमगढ़ में समाजवादी पार्टी की बैठक हुई जिसमें चुनावी रणनीति पर मंथन हुआ। वहीं दूसरी ओर उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ (वित्तविहीन गुट-लाल बिहारी) ने डॉ. संजयन त्रिपाठी को समर्थन देकर चुनावी समीकरण बदल दिया है।
गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के आगामी एमएलसी चुनाव को लेकर जनपद आजमगढ़ में बैठक आयोजित हुई। बैठक में चुनावी तैयारियों, संगठनात्मक समन्वय, जनसंपर्क और शिक्षकों के हितों, सम्मान, अधिकारों एवं समस्याओं को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श हुआ। इसी बीच चुनाव में डॉ. संजयन त्रिपाठी को बड़ी मजबूती मिली है। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ (वित्तविहीन गुट-लाल बिहारी) ने गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से डॉ. संजयन त्रिपाठी को अपना समर्थन घोषित किया है।

डॉ. संजय त्रिपाठी ने जताया आभार
वित्तविहीन गुट का समर्थन मिलने पर डॉ. संजयन त्रिपाठी ने संगठन के समस्त पदाधिकारियों एवं शिक्षकों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि शिक्षकों के हितों, सम्मान और अधिकारों के लिए उनका संकल्प अटूट रहेगा। उन्होंने वित्तविहीन शिक्षकों की सेवा सुरक्षा, समान कार्य-समान वेतन और पुरानी पेंशन जैसे मुद्दों को सदन में मजबूती से उठाने का भरोसा दिलाया। उन्होंने सभी सम्मानित शिक्षकों से विजयी बनाने की अपील की।
बैठक में ये रहे मौजूद
बैठक में जिला अध्यक्ष हवलदार यादव, वाराणसी शिक्षक एमएलसी लाल बिहारी यादव, सपा के राष्ट्रीय सचिव कमलेश यादव, पूर्व मंत्री दुर्गा प्रसाद यादव, एमएलसी बलराम यादव, एमएलसी शाह आलम जमाली, विधायक डॉ. संग्राम यादव, विधायक नफीस अहमद, विधायक बेचई सरोज, विधायक डॉ. एचएन सिंह पटेल, विधायक पूजा सरोज, जिला पंचायत अध्यक्ष विजय यादव, पूर्व मंत्री चंद्रदेव राम यादव करैली, पूर्व एमएलसी कमला प्रसाद यादव, पूर्व एमएलसी शशांक कुमार यादव 'गुड्डू', पूर्व मंत्री राम आसरे विश्वकर्मा, पूर्व मंत्री डॉ. रामदुलार राजभर एवं पूर्व विधायक अभय नारायण पटेल सहित वरिष्ठ पदाधिकारी और बड़ी संख्या में शिक्षक साथी मौजूद रहे।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।

