एमएलसी चुनाव को लेकर प्रो.चितरंजन बोले: सपा सरकार में शिक्षकों को मिला सम्मान, भाजपा की नीतियों पर उठाए सवाल

गोरखपुर|
सपा सरकार में शिक्षकों को मिला सम्मान, भाजपा की नीतियों पर उठाए सवाल

गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के विधान परिषद चुनाव में सपा प्रत्याशी डॉ. संजयन त्रिपाठी के समर्थन में शिक्षाविदों ने शिक्षकों से एकजुट होकर मतदान करने की अपील की। गोरखपुर विश्वविद्यालय के हिंदी विभाग के पूर्व अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश विश्वविद्यालय शिक्षक संघ के अध्यक्ष प्रो. चितरंजन मिश्र ने बुधवार को गोरखपुर जर्नलिस्ट्स प्रेस क्लब में प्रेस वार्ता की। उन्होंने भाजपा सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए शिक्षकों के सम्मान, सेवा सुरक्षा और पेंशन से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि उच्च और माध्यमिक शिक्षा से जुड़े सभी शिक्षक मतदाता बढ़-चढ़कर मतदान में हिस्सा लें और शिक्षक हितों की रक्षा के लिए संजयन त्रिपाठी का समर्थन करें।

प्रो. मिश्र ने कहा कि सपा सरकार में शिक्षकों के हित में महत्वपूर्ण फैसले लिए गए। शिक्षकों की सेवानिवृत्ति आयु 62 वर्ष किए जाने से लेकर उनकी समस्याओं के समाधान तक सपा सरकारों ने शिक्षक हितों को प्राथमिकता दी। इसके विपरीत उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार के मुखिया सीएम योगी आदित्यनाथ शिक्षकों की सेवा समाप्ति की बात करते हैं और सरकार शिक्षकों को ग्रेच्युटी का लाभ देने के पक्ष में नहीं है। उन्होंने बताया कि इस मुद्दे को लेकर वह शिक्षकों के प्रतिनिधिमंडल के साथ मुख्यमंत्री से मिले थे लेकिन उनकी मांग स्वीकार नहीं की गई।

​शिक्षकों को सरकारी प्रचार-प्रसार का बनाया जा माध्यम

उन्होंने भाजपा सरकार की नीतियों और कार्यशैली पर निशाना साधते हुए कहा कि इनसे शिक्षा व्यवस्था, शिक्षक स्वाभिमान और शैक्षणिक संस्थानों की गरिमा प्रभावित हो रही है। उनके मुताबिक, पढ़ाई-लिखाई का स्तर लगातार गिर रहा है और शिक्षकों को शैक्षणिक दायित्वों के बजाय सरकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार का माध्यम बनाया जा रहा है। शिक्षकों की सेवा शर्तों को जटिल और गरिमाहीन किए जाने से उनमें असंतोष बढ़ रहा है।

परिवर्तन का दौर : डॉ. धीरेंद्र

इसी क्रम में गोरखपुर विश्वविद्यालय संबद्ध महाविद्यालय शिक्षक संघ के पूर्व महामंत्री डॉ. धीरेंद्र सिंह ने भी सपा प्रत्याशी संजयन त्रिपाठी के समर्थन में प्रेस वार्ता कर शिक्षक मतदाताओं से मतदान की अपील की। उन्होंने कहा कि यह परिवर्तन का दौर है और इस चुनाव में भाजपा प्रत्याशी को हराने के लिए शिक्षकों को एकजुट होकर मतदान करना चाहिए। उन्होंने शिक्षक मतदाताओं से अपील की कि वे अपने हितों, सम्मान और भविष्य को ध्यान में रखते हुए संजयन त्रिपाठी के पक्ष में मतदान करें।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।

फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।